- एडीएम ने 30 जून तक गेहूं जमा न होने पर दिए कार्रवाई के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। थनवारा केंद्र में गेहूं घोटाला उजागर हुआ है, इसकी प्राथमिक जांच में पुष्टि भी हो चुकी है। इस केंद्र से 2100 क्विटंल गेहूं किसानों से खरीदा गया, लेकिन वह पीसीएफ की गोदाम में जमा नहीं किया गया, साथ ही वह गेहूं क्रय केंद्र से गायब है। एडीएम ने कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं।
बीपैक्स थनवारा सोसाइटी को खरीद की जिम्मेदारी दी गई थी। इस संस्था ने क्रय केंद्र बनाकर गेहूं की खरीद की थी। इस केंद्र पर 5719 क्विंटल गेहूं की खरीद अभिलेखों में की गई, जिसमें से 3600 क्विंटल की डिलीवरी पीसीएफ गोदाम पर की गई है। परंतु अभी भी 2100 क्विंटल की डिलीवरी सचिव व क्रय केंद्र प्रभारी ने नहीं की है। विगत 27 मई को जिला प्रबंधक पीसीएफ ने क्रय केंद्र का निरीक्षण किया था, तीन दिवस के भीतर संपूर्ण गेहूं की डिलीवरी के निर्देश दिए थे, लेकिन अभी तक यह गेहूं को पीसीएफ गोदाम तक नहीं पहुंचाया है। विभागीय सूत्रों की मानें तो प्रभारी 30 जून तक गेहूं जमा करने के लिए न्यायालय से अनुमति ले आया है। इस पूरे प्रकरण को अपर जिलाधिकारी अंकुर श्रीवास्तव ने संज्ञान में लिया है। उन्होंने एआर कोआपरेटिव को निर्देश दिए हैं कि 30 जून तक अगर यह गेहूं जमा नहीं होता है तो केंद्र प्रभारी व अन्य जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई करें। इस गेहूं की कीमत 50 लाख रुपये बताई जा रही है। हालांकि पूरे प्रकरण में जिला प्रशासन नजर बनाए हुए हैं।
-
न्यायालय की निर्धारित समयावधि के कारण अभी केंद्र प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं गई है। 30 जून तक अगर 2100 क्विटंल गेहूं जमा नहीं होता है तो केंद्र प्रभारी व इस प्रकरण में जिसकी संलिप्ता पाई गई। उन सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के बाद विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। - अंकुर श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी ललितपुर