ललितपुर। बृहस्पतिवार की शाम थाना जाखलौन क्षेत्र के एक गांव में एक किशोरी ने फांसी लगाकर म्यारी से लटक कर जान दे दी। उधर, किशोरी के मरने की सूचना मिलते ही तालबेहट थाना क्षेत्र के गांव नयाखेड़ा में भी देर रात एक युवक ने कमरे के कुंडे से लटक कर आत्महत्या कर ली। इस मामले में किशोरी के परिजनों ने युवक पर बेटी को आए दिन तंग करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट भी दर्ज कराई है। पुलिस ने किशोरी के शव का पोस्टमार्टम कराया है। वहीं, युवक के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। शुक्रवार को उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
थाना जाखलौन क्षेत्र के एक गांव निवासी 15 वर्षीय किशोरी ने बृहस्पतिवार की शाम करीब सात बजे घर में दुपट्टे से फांसी लगाकर जान दे दी। कुछ देर बाद मां ने कमरे के दरवाजे अंदर से बंद पाए। उसने बेटी को आवाज लगाई, लेकिन कमरे के अंदर से कोई आवाज नहीं आने पर उसने अन्य परिजनों को बुलाया। परिजनों ने कमरे के छप्पर पर चढ़कर खपरैल अलग करके देखा तो किशोरी फांसी के फंदे पर लटक रही थी। यह देख खपरैल व बांस हटाकर परिजन कमरे में अंदर गए और दरवाजे खोले।
जानकारी मिलने पर जाखलौन थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किशोरी के ताऊ ने बताया कि उनकी भतीजी को गांव में रिश्तेदारी में आने वाला तालबेहट क्षेत्र का एक युवक आए दिन परेशान करता था जिससे तंग आकर किशोरी ने फांसी लगाकर जान दी है। किशोरी दो बहन व एक भाई में सबसे छोटी थी। मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक रामकुमार के खिलाफ शुक्रवार को रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
उधर, किशोरी के आत्महत्या करने की सूचना मिलने पर तालबेहट के ग्राम नयाखेड़ा निवासी रामकुमार (20) पुत्र मुकुंदी विश्वकर्मा ने भी देर रात में अपने कमरे में जाकर छत के कुंदा पर रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह परिजनों ने देखा तो युवक कमरे में फांसी के फंदे पर लटक रहा था। जानकारी मिलने पर तेरई फाटक चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, लेकिन परिजनों द्वारा पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया, मृतक दो भाइयों में छोटा था। इस मामले में तेरई फाटक चौकी इंचार्ज साजेश कुमार ने बताया कि युवक के फांसी लगाने की सूचना मिलने पर मौके पर गए थे, लेकिन परिजनों द्वारा पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया, जिस पर उन्होंने शव का पंचनामा भरकर परिजनों को सौंप दिया।