अर्जुनखिरिया/ललितपुर। एक ओर कई पात्र किसान सम्मान निधि पाने के लिए विभाग के चक्कर लगा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर तहसील पाली अंतर्गत ग्राम बनयाना में अपात्र किसान सम्मान निधि पाकर मालामाल हो रहे हैं। यहां पर पति पत्नी के साथ ही नाबालिग बच्चे भी किसान सम्मान निधि का लाभ ले रहे है। जबकि पात्र किसानों के डाटा खराब होने से अब तक 12 हजार से अधिक किसानों को सम्मान निधि नहीं मिल पाई है। लोगों ने जांच की मांग की है।
केंद्र सरकार द्वारा किसानों की आर्थिक स्थिति को सुधारने के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना संचालित की है। जिसमें किसानों को वर्ष में तीन किस्तों में दो-दो हजार रुपये दिए जाते हैं। वर्ष में छह हजार रुपये का भुगतान किया जाता है। जिसके लिए किसानों का पंजीयन होना अधिक आवश्यक है। जिसमें किसानों को अपना आधार कार्ड व बैंक खाता संख्या, भूमि के दस्तावेजों के साथ आवेदन करना होता है। जिसकी जांच के बाद सम्मान निधि का लाभ दिया जाता है।
जिले में दो लाख 43 हजार किसान पंजीकृत हैं। इनमें लगभग 12 हजार से अधिक किसानों को किसान सम्मान निधि का लाभ नहीं मिल सका है। यह किसान सम्मान निधि के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। जबकि तहसील पाली के अंतर्गत ग्राम बनयाना में कई अपात्र व्यक्तियों को योजना का लाभ मिल रहा है। यहां पर गांव निवासी 270 किसान कृषि विभाग में पंजीकृत हैं। इनमें लगभग 200 किसानों को योजना का लाभ दिया जा रहा है। 70 किसान सम्मान निधि से वंचित हैं। जबकि सम्मान निधि पाने वालों में लगभग 32 ऐसे लाभार्थी हैं, जिनके नाम कोई जमीन नहीं है या तो वह नाबालिग हैं। इनमें कुछ ऐसे भी हैं, जहां पति-पत्नी दोनों ही योजना का लाभ ले रहे हैं।
------
गांव में कुछ अपात्रों को किसान सम्मान निधि का लाभ दिया जा रहा है। कई पात्र व्यक्ति निधि के लिए भटक रहे हैं। जांच कर पात्रों को योजना का लाभ दिलाया जाए। तुलसी राम ग्राम प्रधान बनयाना
--------
गांव में कुछ नाबालिग बच्चों को किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है। जबकि इनके नाम गांव में जमीन भी नहीं है। इस हेराफेरी की जांच होनी चाहिए। बहादुर बनयाना
---------
गांव में हमारे नाम से जमीन है, तीन बार सम्मान निधि के लिए ऑनलाइन आवेदन कर चुके हैं, लेकिन अब तक लाभ नहीं मिल सका है। पचौरी बनयाना
---------
नाबालिग बच्चे व पति-पत्नी दोनों को सम्मान निधि दिए जाने का मामला संज्ञान में आया है, जिसकी जांच कर रिकवरी कराई जाएगी।
अनिल कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी