ललितपुर। परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों को अब तकनीकी संस्थान की बारीकियां जानने का अवसर मिलेगा। शासन ने विज्ञान विषय के बच्चों को एक्सपोजर विजिट कराने का निर्णय लिया है। इसके पीछे मंशा बच्चों में विज्ञान विषय में रुचि पैदा करना है।
परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों को किताबी पाठ्यक्रम के साथ विभिन्न गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है। विशेषकर विज्ञान विषय से संबंधित गतिविधियां शामिल हैं। इसी कड़ी में बच्चों को आईटीआई, पालीटेक्निक संस्थानों का एक्सपोजर विजिट कराया जाएगा। इससे पहले बच्चों को ब्लाक व जिलास्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी से होकर गुजरना होगा। प्रदर्शनी में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को एक्सपोजर विजिट में शामिल किया जाएगा। इस संबंध में बीएसए को निर्देश जारी किए गए हैं। जिला समन्वयक कमलेश कुमार का कहना है कि प्रत्येक ब्लाक में विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। ब्लाक पर चयनित छात्र-छात्राओं को जिलास्तरीय प्रदर्शनी में प्रतिभाग करने का मौका दिया जाएगा। इसमें चयनित विद्यार्थियों को तकनीकी संस्थानों में संचालित ट्रेडों एवं विभिन्न उपकरणों के बारे में जानकारी प्रदान की जाएगी।
पहले भी कराए जा चुके एक्सपोजर विजिट
पूर्व के सालों में परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को एक्सपोजर विजिट कराए चुके हैं। इस दौरान बच्चों को ऐतिहासिक स्थलों, पर्यटन स्थल, पार्कों का भ्रमण करने का अवसर मिलता था, जिसमें बड़ा खेल हुआ। न केवल बच्चों की संख्या में हेरफेर किया जाता था बल्कि वाहन किराया बचाने के लिए स्थल भी मनमाने तरीके से तय कर दिए जाते थे। इससे सबक लेकर शासन ने एक्सपोजर विजिट को विज्ञान विषय के छात्रों तक सीमित कर दिया है।