चंडीगढ़ की टीम ने 6.4 ओवर में ही लक्ष्य पाकर फाइनल में किया प्रवेश, आज होगा मुकाबला
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। तुवन सरकार व्हीलचेयर क्रिकेट चैंपियनशिप का सेमीफानइल मंगलवार को तुवन मंदिर ग्राउंड में खेला गया। इसमें उत्तर प्रदेश और चंडीगढ़ की टीम ने फाइनल में जगह बनाईं।
चैंपियनशिप का पहला सेमीफाइनल मैच मंगलवार को चंडीगढ़ और कर्नाटक की टीम के बीच खेला गया। इसमें कर्नाटक की टीम ने पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया और 12 ओवर में 91 रनों का लक्ष्य चंडीगढ़ की टीम को सौंपा। इसके जवाब में उतरी चंडीगढ़ की टीम ने मात्र 6.4 ओवर में ही 92 रन बनाकर मैच जीत लिया। इसमें खिलाड़ी संदीप कुंदू ने मात्र 26 गेंद में 53 बनाए और उन्हें मैन ऑफ द मैच मिला।
दूसरा सेमीफाइनल मैच उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बीच खेला गया। इसमें टॉस जीतकर मध्य प्रदेश की टीम ने पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया और मध्य प्रदेश ने 12 ओवर में 108 रन बनाए। इसके जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी उत्तर प्रदेश की टीम ने 11.3 ओवर में लक्ष्य प्राप्त कर लिया। इसमें उत्तर प्रदेश की टीम में खिलाड़ी अनिल सिंघानिया ने 37 गेंदों में 59 रन बनाए और उन्हें मैच ऑफ द मैच दिया गया। इस प्रकार, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश की टीमें फाइनल मैच में पहुंच गई हैं। अब इन दोनों टीमों के बीच आज फाइनल मैच सुबह 11 बजे से तुवन मंदिर प्रांगण में खेला जाएगा।