ललितपुर। जिला विद्यालय निरीक्षक की अपील पर शिक्षकों ने प्रदूषण मुक्ति अभियान से जुड़कर कॉलेज में पैदल या साइकिल से आने का संकल्प लिया है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रदूषण के प्रति जागरूकता अभियान का असर ही कहा जाएगा कि अब छोटे नगरों में भी लोग जागरूक होने लगे हैं। इसी का एक उदाहरण ललितपुर जिले का राजकीय इंटर कॉलेज उदाहरण बना है। इस कॉलेज का निरीक्षण करने के लिए डीआईओएस श्यामप्रकाश सिंह पहुंचे।
उन्होंने सबसे पहले कक्षा व प्रयोगशाला का अवलोकन किया। उसके पश्चात कक्षाओं में पठन-पाठन की प्रक्रिया व छात्रों की उपस्थिति देखी। इसके पश्चात उन्होंने बच्चों को तंबाकू मुक्त विद्यालय बनाने की शपथ दिलाई।
वहीं, शिक्षकों को प्रदूषण मुक्ति अभियान से जोड़ते हुए उनसे कॉलेज पैदल या साइकिल से आने की अपील की, जिसपर सभी शिक्षकों ने वाहन से कॉलेज नहीं आने का संकल्प लिया।
इस मौके पर एपी सिंह, अमित शुक्ला, एबी शर्मा, एसके वर्मा, केएस नरवरिया, एसके खरे, एलपी विश्वकर्मा, सीवी कुशवाहा, जेपी द्विवेदी, आरएस राजपूत, जीआर सेन, सीएल सुमन, मजीद पठान आदि उपस्थित रहे। संचालन जयशंकर प्रसाद द्विवेदी ने किया।