ललितपुर। जिले के परिषदीय विद्यालयों में जल्द ही शिक्षकों की कमी पूरी हो सकेगी। प्रदेश में चल रही 31277 सहायक अध्यापक भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके तहत काउंसलिंग 14 और 15 अक्तूबर को राजकीय इंटर कालेज में आयोजित की जाएगी और चयनितों को नियुक्ति पत्र 16 अक्तूबर को वितरित होंगे।
जनपद में करीब 1500 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं, इनमें पांच सैकड़ा से अधिक शिक्षकों की कमी बनी हुई है। इस कमी के चलते विद्यालयों में शिक्षण कार्य बाधित होता है। एक शिक्षक को कई कक्षाएं एक साथ देखनी पड़ती है। इस तरह की स्थिति अन्य जिलों में भी है। इसे ध्यान में रखकर प्रदेश में शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया अपनाई जा रही है। हाल ही में 31277 सहायक अध्यापक भर्ती को मुख्यमंत्री द्वारा हरी झंडी दे दी गई है। इससे लंबे समय से चयन का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के चेहरे खिल उठे हैं। अनंतिम चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी गई है। इस प्रक्रिया में जिले को 261 शिक्षक मिलने जा रहे हैं। उधर, बीएसए रामप्रवेश ने चयन प्रक्रिया पूरी करने के लिए काउंसलिंग की तिथि तय कर दी है। इसके तहत 14 व 15 अक्तूबर को सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक राजकीय इंटर कालेज में चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच की जाएगी। सब कुछ ठीक रहा तो सोलह अक्तूबर को चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित होंगे। जिले के अधिकारियों का कहना है कि इस भर्ती से परिषदीय विद्यालयों में शिक्षण कार्य आसान हो जाएगा।
दूरदराज ब्लाकों में शिक्षकों की कमी
जिले के दूरदराज ब्लाकों में शिक्षकों की कमी बनी हुई है। मड़ावरा, बिरधा व बार ब्लाकों में शिक्षक तैनाती पाने से कतराते हैं। जिस वजह से इन ब्लाकों के विद्यालयों में शिक्षकों की कमी पूरी नहीं हो पा रही है।
शिक्षक भर्ती के लिए काउंसलिंग की तिथि तय कर दी गई है। दो दिन में सूची में अभ्यर्थी अपने दस्तावेजों की जांच करा सकते हैं। अभ्यर्थी को अपने साथ सेनिटाईजर, मास्क एवं पानी की बोतल साथ में लेकर आना होगा। इस दौरान उन्हें सोशल डिस्टेंस का भी पालन करना होगा।
रामप्रवेश, बीएसए