परिषदीय शिक्षकों को दीपावली का तोहफा प्रमोशन के रूप में मिल सकता है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने अध्यापकों की वरिष्ठता निर्धारण के विरोध को दरकिनार करते हुए पदोन्नति प्रक्रिया को आगे बढ़ा दिया है।
प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक व पूर्व माध्यमिक विद्यालय के सहायक अध्यापकों का प्रमोशन पूर्व माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक पद पर होना है। बीते दिनों अध्यापकों की वरिष्ठता निर्धारण किया गया है। इसका विरोध एससी, एसटी शिक्षकों ने विरोध किया है। उनका तर्क है कि पदोन्नति तिथि से वरिष्ठता का आंकलन किया जाए। बीएसए संतोष कुुमार राय ने उनकी मांग को नकारते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। इस प्रक्रिया में 255 ग्रामीण क्षेत्र एवं 7 नगर क्षेत्र के शिक्षकों का प्रमोशन किया जाना है। जिसमें 147 महिला, दिव्यांग और 108 पुरुष शिक्षक शामिल हैं। इनकी काउंसलिंग की तिथि भी तय कर दी गई है। बीस अक्तूबर को सुबह 10.30 बजे नगर संसाधन केंद्र में दिव्यांग (महिला, पुरूष) एवं महिला शिक्षिकाओं की काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। तेइस अक्तूबर को सुबह 10.30 बजे पुरूष शिक्षकों की काउंसलिंग होगी। उधर, बीएसए संतोष कुमार राय ने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि तय तिथियों में शिक्षक, शिक्षिकाओं से विद्यालयों के विकल्प लिए जाएंगे। उन्होंने शैक्षिक प्रमाण पत्र, नियुक्ति एवं विकलांग प्रमाण पत्रों के साथ उपस्थित होने के लिए कहा है। जो अनुपस्थित रहेगा, उसके लिए विद्यालय का आवंटन समिति द्वारा कर दिया जाएगा।