गंभीर रूप से घायल शिक्षक झांसी रेफर, छह नामजद सहित अन्य साथियों पर रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। स्कूल से पुत्री के साथ घर लौटते समय कुछ लोगों ने शिक्षक का रास्ता रोक लिया। इसके बाद सभी ने एकजुट होकर उस पर पत्थर से हमला कर दिया। पिटाई से वह गंभीर घायल हो गया। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने छह नामजद सहित अन्य लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस की टीमें हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है।
थाना जखौरा अंतर्गत ग्राम गोरा निवासी केहर सिंह ने पुलिस को तहरीर दी। इसमें बताया कि ग्राम झरकौन निवासी उसके बहनोई अभय सिंह ग्राम कचनौंदाकलां में संचालित स्कूल में शिक्षक है। सोमवार की दोपहर को वह विद्यालय से आने के बाद दोपहर करीब ढाई बजे अपनी पुत्री भाग्यश्री और अपने स्कूल के साथी शिक्षक के साथ अपने घर आ रहे थे। अभी वह ग्राम खोंखरा के पेट्रोल पंप के पास पहुंचा था कि तुलसी, चंदन, मोरसिंह, मनोहर निवासी- ग्राम झरकौन, राजेश, देवेंद्र निवासी ग्राम ठाठखेडी थाना सहराई मध्य प्रदेश अपने अन्य साथियों के साथ वहां पहुंच गए।
आरोपियों ने उसके बहनोई को रोका और रुपयों की मांग करने लगे। बहनोई ने रुपये देने से मना किया तो आरोपियों ने गालियां दी और लात घूंसों से पिटाई कर दी। जब उसके बहनोई की पुत्री चिल्लाई तो उसे भी पीटा। जान बचाकर वहां से भागने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसके बहनोई अभय सिंह पर पत्थर से हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश होकर गिर गया। राहगीरों ने बीच बचाव किया तो आरोपी भाग गए। घायल अभय सिंह को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया जहां से उसे झांसी रेफर कर दिया गया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि घटना को लेकर तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीमें लगी हुई है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-
हमले का कारण बताया गया पुरानी रंजिश
स्कूल से लौटते समय शिक्षक पर किए गए हमले का कारण परिजनों ने पुरानी रंजिश को बताया है। परिजनों का यह भी आरोप है कि हमलावर स्कूल से ही अपने पिकअप वाहन से पीछा करते हुए मौका तलाश रहे थे। जैसे ही उनको मौका मिला उन्होंने पहले पिकअप से स्कूटी को टक्कर मारकर अभय सिंह को गिरा दिया था। इसके बाद आरोपियों ने एकजुट होकर पिटाई और पत्थर से हमला किया था। जिसमें अभय सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया था। आरोपी उसे मरणासन्न समझकर मौके पर छोड़कर भाग गए थे।