‘प्रेरणा’ डाउनलोड करने वाले बढ़े
ललितपुर। ‘प्रेरणा’ एप को डाउनलोड करने वालों की संख्या में बढ़ोत्तरी हो गई है। यही नहीं, ऑनलाइन अवकाश मांगने की भी शुरुआत हो गई है। एप डाउनलोड करने वालों की संख्या 768 हो गई। उधर, कई दिनों की शांति के बाद उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने फिर विरोध की हुंकार भरी है।
शासन ने बेसिक शिक्षा विभाग के पुराने ढर्रे को बदलकर हाइटेक तरीके से सूचनाएं लेने के लिए ‘प्रेरणा’ एप तैयार कराया है। इसमें शिक्षकों की उपस्थिति को भी शामिल किया गया है। इसके व्यापक विरोध को देखते हुए फिलहाल इसे ऐच्छिक कर दिया है, लेकिन विभागीय सूचनाएं मांगने के मामले में शासन अडिग है। बीते दिनों शिक्षकों के सभी प्रकार के अवकाश ऑनलाइन स्वीकृत करने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसके उपरांत कायाकल्प मॉडयूल के अंतर्गत विद्यालय से संबंधित आधारभूत व्यवस्थाओं का बेसिक डेटा ‘प्रेरणा’ प्रणाली पर एप के माध्यम से अधिकतम बीस अक्तूबर तक अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने का निर्देश जारी किया गया।
मध्याह्न भोजन माड्यूल के अंतर्गत प्रत्येक विद्यालय के प्रधानाध्यापक और प्रभारी प्रधानाध्यापक से तृतीय त्रैमास (अक्तूबर से दिसंबर) की मिड डे मील में लाभान्वित कुल छात्रों की संख्या एप पर मांगी गई है। कइयों ने लंबे खिंच रहे आंदोलन के मद्देनजर एप को डाउनलोड करना शुरू कर दिया है। इसमें शिक्षा मित्रों की संख्या ज्यादा है। इस तरह एप डाउनलोड करने वालों की संख्या 768 हो गई। इससे पहले 742 शिक्षकों की संख्या निकलकर आ रही थी। इस बढ़ोत्तरी से शिक्षा अफसर उत्साहित हैं। उनका कहना है कि आने वाले दिनों में एप डाउनलोड करने वालों की संख्या में बढ़ोत्तरी होगी। ऑनलाइन अवकाश स्वीकृत कराने के लिए आवेदन आरंभ हो गए हैं।
मशाल जुलूस आज
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राजेश लिटौरिया और जिला मंत्री अरुण गोस्वामी ने बताया कि प्रांतीय आह्वान पर दस अक्तूबर को मशाल जुलूस प्रस्तावित है। इसे ध्यान में रखकर दस अक्तूबर को शाम पांच बजे सभी शिक्षक कंपनी बाग में एकत्रित होंगे। यहां से जुलूस के रूप में मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपेंगे।
कुछ दिनों से एप डाउनलोड करने वालों की संख्या बढ़ी है। शिक्षा मित्र भी इसे डाउनलोड कर रहे हैं, आने वाले दिनों में एप डाउनलोड करने वालों की संख्या में बढ़ोत्तरी होगी।
- आरके पुरोहित, प्रभारी बीएसए