संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों से आ रही टैक्सी के संचालन के लिए टैक्सी स्टैंड का संचालन व नगर में सवारियों के लिए चल रही टैंपो-टैक्सी/ई-रिक्शा मार्ग का निर्धारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा पांच से ज्यादा दुर्घटनाओं वाले स्थानों की कारण समेत सात दिन में सूचना उपलब्ध कराएं।
बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभागर में जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई। इसमें डीएम ने सात दिसंबर की बैठक की समीक्षा की। बैठक में बीएसए की अनुपस्थिति पर नाराजगी व्यक्त कर सड़क सुरक्षा के संबंध में विद्यालयों में हुई प्रतियोगिताओं का विवरण उपलब्ध न करने पर जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। हिट एंड रन के अंतर्गत हुई दुर्घटनाओं की समीक्षा में जनवरी 2024 से नवंबर 2024 तक 24 दुर्घटनाओं में तीन दुर्घटनाओं में मृत व्यक्तियों के परिजनों को दी जाने वाली धनराशि के भुगतान के लिए बीमा कंपनी को भुगतान प्रेषित किया गया है। आठ में प्रपत्र अपूर्ण होने पर जल्द पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए। शेष 13 प्रकरणों में संबंधित तहसीलदारों से आवेदन लेने के लिए निर्देशित किया गया।
डीएम ने अन्य दुर्घटनाओं में चालक की लापरवाही मिलने पर लाइसेंस निलंबित किए जाने के लिए एआरटीओ को निर्देशित किया। सड़कों को एक सप्ताह में दुरुस्त करने के लिए अधिशाषी अभियंता पीडब्ल्यूडी को निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा के लिए सड़कों पर लगे पेड़ों पर रेडियम लगाने के निर्देश दिए। एनएचएआई को तालबेहट से बांसी के मध्य हर्षपुर, तेरई फाटक, चंदेरा एवं मसौरा पर हो रही सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम करने व अन्ना जानवरों के सींग एवं गले पर रेडियम रिफ्लेक्टर टेप उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए। इस दौरान विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।