:: फालोअप ::
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। चिटफंड कंपनी एलयूसीसी द्वारा हजारों करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे इनामी वांछितों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीमों ने कार्रवाई तेज कर दी है। एसआईटी सहित एसओजी-सर्विलांस टीमें आरोपी के संभावित ठिकाने पर तलाश कर रही हैं।
आम लोगों को कम समय में दोगुनी रकम मिलने का झांसा देकर हजारों करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने वाली चिटफंड कंपनी एलयूसीसी के खिलाफ जनपद के थाना-कोतवाली में दर्ज मुकदमों की जांच पुलिस ने तेज कर दी है। धोखाधड़ी करके अर्जित की गई चल-अचल संपत्ति को चिह्नित करते हुए इन्हें कुर्क करने की तैयारी में पुलिस जुट गई है। वहीं, आम लोगों की जमा पूंजी हड़पने वालों में शामिल तीन आरोपियों शबाब हुसैन पुत्र हाशिम हुसैन निवासी मोहल्ला मोहनपुरा कबाड़ी मार्केट थाना उरई जनपद जालौन, अनुराग बंसल पुत्र महावीर प्रसाद बंसल निवासी धुरीताल तिलकबाई बैढन जनपद सिंगरौली मध्य प्रदेश व उसकी पत्नी आरती बंसल को गिरफ्तार करने के लिए 25-25 हजार रुपये का इनाम हाल ही में पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक ने घोषित किया था।
इन तीनों इनामी वांछितों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें, जनपद स्तर पर गठित एसआईटी व स्वॉट, सर्विलांस टीम जुट गई है। टीमें वांछितों को पकड़ने के लिए उनके संभावित स्थानों पर दबिश दे रही हैं। इसके साथ तकनीकी मदद भी ली जा रही है। क्षेत्राधिकारी सदर अभय नारायण राय ने बताया कि इनामी वांछितों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही है। जल्द ही वांछितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-
ईडी की जांच शुरू होने के बाद निवेशकों में जगी उम्मीद
धोखाधड़ी के इस केस की जांच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के शुरू करने और कंपनी के मुख्य संचालकों की संपत्ति का ब्योरा एकत्रित करते हुए शिकंजा कसना शुरू करने के बाद निवेशकों में रुपया वापस मिलने की उम्मीद जग रही है। ईडी के अधिकारियों द्वारा जनपद पुलिस से संपर्क कर चिटफंड कंपनी एलयूसीसी को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी एकत्रित की गई है।