संवाद न्यूज एजेंसी
तालबेहट (ललितपुर)। तालबेहट रेलवे स्टेशन पर एक युवक ने कार्यालय में घुसकर स्टेशन प्रबंधक की पिटाई कर दी और कंप्यूटर, मॉनीटर व कीबोर्ड की तोड़फोड़ कर दी, जिससे कार्यालय में हड़कंप मच गया। स्टेशन प्रबंधक की तहरीर पर थाना जीआरपी ने आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शास्त्री नगर बबीना निवासी मनीराम अहिरवार पुत्र लालाराम अहिरवार ने जीआरपी को दी तहरीर में बताया कि वह तालबेहट में स्टेशन प्रबंधक के पद पर तैनात हैं। बीती 23 जनवरी को उनकी ड्यूटी सुबह आठ से शाम 4 बजे तक की थी। वह समय से कार्यालय पहुंचा। दस मिनट बाद ही एक अज्ञात व्यक्ति उनके कार्यालय में आया और वहां पर टिकिट खिड़की पर रखा मॉनीटर व की-बोर्ड तोड़ने लगा। उन्होंने उसे ऐसा करने से जब मना किया तो उक्त युवक ने उनके सिर पर हाथ में पहने कड़ा से वार कर दिया। इससे उनके सिर में काफी चोट आ गई। यह देख वहां मौजूद कर्मचारियों ने युवक को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह काबू में नहीं आ रहा था।
जानकारी मिलने पर आरपीएफ ने तत्काल मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ लिया और घायल स्टेशन प्रबंधक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालबेहट पहुंचाया। वहीं जीआरपी ने उक्त मामले में स्टेशन प्रबंधक की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी युवक मध्य प्रदेश के गुना निवासी कृष्ण बल्लभ सोनी है, जो मनोरोगी बताया जा रहा है। संभावना जताई जा रही है कि आरोपी युवक झांसी की ओर से आने वाली साबरमती एक्सप्रेस से उतरा था। जानकारी लगने पर आराेपी युवक के परिजन भी जीआरपी थाना पहुंच गए हैं और युवक की मानसिक स्थिति के बारे में अवगत कराया।