मड़ावरा में चल रहे टी - 20 क्रिकेट टूर्नामेंट का दूसरा मैच खेला गया
संवाद न्यूज एजेंसी
मड़ावरा। कस्बे में सावित्रीदेवी घनश्यामदास रावत की पुण्य स्मृति में चल रहे टी - 20 क्रिकेट टूर्नामेंट का दूसरा मैच खेला गया। इसमें राधे क्रिकेट क्लब चढ़रा व एकता क्रिकेट क्लब हबला के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। इसमें चढ़रा की टीम पांच रन से विजयी रही।
टॉस जीतकर चढ़रा की टीम के कप्तान देव सिंह यादव ने बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। सलामी बल्लेबाज सहदेव यादव 10 रन तथा नौ नंबर पर खेलने आए भगवान सिंह ने 24 रन का योगदान दिया। शेष बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके और पूरी टीम 15वें ओवर में 90 रन पर सिमट गई। हबला टीम के गेंदबाज दीपेश ने तीन ओवर में 13 रन देते हुए शानदार पांच विकेट चटकाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी हबला की टीम के बल्लेबाज भी कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सके और कप्तान सतीश एवं पवन रानीपुर के अलावा सभी बल्लेबाज सस्ते में आउट होते चले गए। आखिरकार जीत के लिए अंतिम जोड़ी को पांच रन और चाहिए थे। 12वें ओवर में राजप्रताप ने अंतिम खिलाड़ी को क्लीन बोल्ड कर पारी खत्म कर अपनी टीम को जीत दिला दी।
इस रोमांचक मुकाबले में पांच रन से चढ़रा की टीम ने जीत हासिल की। चढ़रा की टीम के गेंदबाज राहुल को तीन ओवर में 13 रन देकर चार महत्वपूर्ण विकेट लेने पर सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब दिया गया। इस अवसर पर मास्टर हनुमत सिंह, संतोष चौरयाल, दीपक नामदेव, प्रह्लाद, मोहम्मद शमी, इमरान खान, राहुल, आनंद गंधर्व आदि मौजूद रहे।