संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर-तालबहेट। जनपद की पांच तहसीलों में सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। 266 फरियादियों ने अपनी समस्याओं को अधिकारियों के पटल पर रखा। जिसमें से मात्र 29 यानी 11 फीसदी समस्या का मौके पर निस्तारण हुआ। राजस्व संबंधी मामले अधिक आने पर डीएम ने कार्य में लापरवाही करने वाले लेखपालों को निलंबन की चेतावनी दी है।
तालबेहट तहसील सभागार में डीएम सत्य प्रकाश ने क्षेत्रीय लेखपालों व राजस्व निरीक्षकों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई है। कहा कि लेखपालों व कानूनगो द्वारा प्रस्तुत प्रत्येक आख्या की समीक्षा एसडीएम खुद करेंगे। यदि किसी भी राजस्व कर्मी के कार्य में लापरवाही, उदासीनता या प्रलोभन लेने जैसी शिकायत पाई जाती है, तो कठोर विभागीय कार्रवाई होगी। डीएम ने कहा कि राजस्व विभाग जनता से सीधे जुड़ा हुआ विभाग है। इसलिए इसमें पारदर्शिता, जवाबदेही एवं संवेदनशीलता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। दिव्यांग महिला की समस्या का डीएम ने तत्काल जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी को दूर करने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि लाभार्थी को अगले माह से हर हाल में पेंशन का लाभ दिलाया जाए। इस मौके पर एसपी मोहम्मद मुश्ताक, एसडीएम अभिजीत सिंह, सीओ आशीष मिश्रा, तहसीलदार प्रीयूष भार्गव आदि मौजूद रहे।
-
दैवी आपदा से प्रभावित पात्र व्यक्ति को समय पर मिले मुआवजा
डीएम ने सभी एसडीएम, तहसीलदारों, राजस्व निरीक्षकों व लेखपालों से कहा कि बिजली गिरने, अतिवृष्टि व अन्य दैवीय आपदाओं से प्रभावित व्यक्तियों को मुआवजा समय से दिया जाए। संबंधित अधिकारी व कर्मचारी सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचकर क्षति का आंकलन कर, रिपोर्ट प्रस्तुत करें। पीड़ित परिवार को राहत मिलने में अनावश्यक विलंब न हो।
-
तहसील स्तर पर आई शिकायतें व निस्तारण पर एक नजर
तहसील -शिकायतें - निस्तारण
तालबेहट-160 - 19
सदर - 35 - 3
पाली- 30 - 2
महरौनी-21 - 2
मड़ावरा-20-3