ललितपुर। ड्रेस वितरण की गड़बड़ी में निलंबित चल रहे शिक्षकों को बहाल नहीं किए जाने मामला तूल पकड़ता जा रहा है। बुंदेलखंड विकलांग समिति ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर दिव्यांग शिक्षक को बहाल करने की मांग उठाई है। ड्रेस वितरण में गड़बड़ी के आरोप में 12 शिक्षक निलंबित हैं।
गत वर्ष परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को दो सेट यूनिफार्म वितरित किए गए थे। इस दौरान कई विद्यालयों में बच्चों को दो की जगह एक सेट वितरित किया गया था। निरीक्षण में इसकी पुष्टि होने पर कई शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया था, इनमें एक दिव्यांग शिक्षक भी शामिल है। बुंदेलखंड विकलांग समिति के अध्यक्ष प्रताप नारायण गुप्ता ने जिलाधिकारी को दिए ज्ञापन में कहा कि प्राथमिक विद्यालय खुरा के प्रधानाध्यापक बृजमोहन तिवारी दोनों पैरो से दिव्यांग हैं, उन्हें 28 दिसंबर 2015 को ड्रेस वितरण की गड़बड़ी में निलंबित कर दिया था। इस प्रकरण में जांच अधिकारी ने अपनी आख्या फरवरी माह में सौंप दी गई थी, इसके बाद भी उन्हें बहाल नहीं किया गया है, इससे उनके सामने जीवनयापन का संकट उत्पन्न हो गया है। इससे पहले विभिन्न शिक्षक संगठन भी बीएसए को निलंबित शिक्षकों की बहाली के लिए ज्ञापन दे चुके हैं।