संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। पशुपालन करने वाले नाली में गोबर व गंदगी बहाते हैं तो सावधान रहें। ऐसे लोगों से नगर पालिका पांच हजार रुपया वसूलेगा। इसके लिए 12 मोहल्लों में सर्वे शुरू कर दिया गया है। उपजिलाधिकारी व प्रभारी ईओ राघवेंद्र शर्मा ने बताया कि पशुपालकों को नोटिस देने की तैयारियां चल रही हैं। इसके बाद भी गंदगी व गोबर बहाया तो जुर्माना वसूला जाएगा।
शहर की नालियों में गंदगी व मलबा में कमी लाने के लिए नगर पालिका कमर कस रहा है। पालिका ने वार्डों में पशुपालकों को चिह्नित करने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। सफाई निरीक्षकों के नेतृत्व में सर्वेक्षण किया जा रहा है। चिह्नीकरण होने के बाद पशुपालकों को नालियों में गंदगी व गोबर न बहाने के लिए कहा जाएगा। इसके बाद चेतावनी नोटिस दी जाएगी। इसके बाद भी अंकुश न लगाया तो जुर्माना वसूला जाएगा।
-
इन मोहल्लों में चिह्नित किए जाएंगे पशुपालक
आजादपुरा, नेहरूनगर, खिरकापुरा, चौबायाना, वंशीपुरा, रामनगर, तालाबपुरा, घुसयाना, तलैयापुरा, नदीपुरा, रावतयाना, पिसनारी आदि मोहल्लों में पशुपालन अधिक किया जाता है।
-
नालियों में गंदगी व गोबर बहाए जाने से हो रही समस्या व दुर्गंध की रोकथाम के प्रयास किए जा रहे हैं। पशुपालक चिह्नित किए जा रहे हैं, इसके बाद नोटिस देकर जुर्माना वसूला जाएगा।
- राघवेंद्र शर्मा, प्रभारी अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका