ललितपुर। नगर के बीचों-बीच स्थित सुपरमार्केट में खाली स्थानों पर सीसी सड़क डाली जाएगी। वहीं, बड़े वाहनों को अंदर जाने से रोकने के लिए रेलिंग लगाई जाएगी। रविवार को सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने निकले नगरपालिका अध्यक्ष ने अधीनस्थों को दिशा-निर्देश दिए।
नगर पालिका परिषद अंतर्गत सुपर मार्केट नगरवासियों के साथ ग्रामीणों के लिए काफी महत्वपूर्ण है। यहां सरकारी विभाग, बैंक, फल एवं सब्जी मंडी, पुस्तकालय के साथ विभिन्न सामानों की दुकानें होने के कारण लोगों का आना-जाना रहता है। नगरपालिका इस मार्केट को और बेहतर बनाने की तैयारी कर रही है, इसमें पार्क के निकलने के लिए सीसी रोड का निर्माण कर दिया गया है, लेकिन खाली स्थान पर जलभराव व गंदगी फैल रही है।
रविवार को निरीक्षण करने पहुंचे नगर पालिका अध्यक्ष सुभाष जायसवाल ने खाली स्थान पर सीसी रोड का निर्माण करने के निर्देश कार्यालय अधीक्षक हबीब खान को दिए। उन्होंने जेई से प्राक्कलन तैयार करके जल्द से जल्द निर्माण करने की बात कही। बड़े वाहनों को बाजार में घुसने से रोकने के लिए उन्होंने रेलिंग लगाने को निर्देशित किया। उन्होंने खाली स्थान पर रखे खराब टैंकरों को पुराने पालिका भवन में रखने और व्यापारियों के कचरे के उठान की व्यवस्था बनाने के लिए उनसे सुझाव लेकर कचरा घर बनाने को कहा, जिससे बाजार में किसी प्रकार की गंदगी देखने को नहीं मिले। उन्होंने बताया कि सुपर मार्केट को साफ एवं स्वच्छ बनाने के लिए व्यापारियों को भी सहयोग मांगा जाएगा। दुकानदार गंदगी इधर-उधर न फेंके। निर्धारित स्थान पर बने कूड़ा घर व डस्टबिन का प्रयोग करें। निरीक्षण के दौरान मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक आरके लवानिया आदि उपस्थित रहे।