ललितपुर। शहर में विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है।
रविवार को एलटी व हाईटेंशन लाइनों में फाल्ट होने के चलते नगर के दर्जनों
मुहल्लों की आपूर्ति दिन भर ठप रही।
गल्ला मंडी स्थित 66 केवी पावर
हाउस में स्थापित फीडर नंबर 1, 3, 4, 5, नेहरू नगर, राजघाट, देवगढ़ व
चंदेरा फीडरों के माध्यम से शहर समेत सात दर्जन ग्रामीण क्षेत्रों को बिजली
आपूर्ति की जाती है। रविवार की सुबह हल्की बारिश और हवा से शहर के फीडरों
की लाइनें ब्रेकडाउन में आ गईं, जिससे दर्जनों मुहल्लों की बिजली आपूर्ति
दिन भर बाधित रही। फीडर नंबर एक के अंतर्गत सुबह 11 बजे अभिलाषा पेट्रोल
पंप के पास एलटी लाइन के तार टूट गए, इसके बाद हाईटेंशन लाइनों में कई जगह
फाल्ट आ गया। इस वजह से मुहल्ला इलाईट चौराहा, पिसनारी, रामनगर, वंशीपुरा,
झांसीपुरा, अजीतापुरा, बड़ापुरा, सरदारपुरा, तलैयापुरा, कसाईमंडी व
लकडय़ापुरा की बिजली आपूर्ति गुल हो गई। कर्मियों की सहायता से पेट्रोलिंग
कर हाईटेंशन लाइनों के फाल्ट को सुधारा गया। इसके बाद शाम साढ़े पांच बजे
आपूर्ति सुचारु की जा सकी।
वहीं, फीडर नंबर चार के अंतर्गत मुहल्ला
वसुंधरा कालोनी में एक हाईटेंशन लाइन का तार टूट गया, जिससे फीडर ब्रेक
डाउन में आ गया और आपूर्ति गुल हो गई। इसकी वजह से मुहल्ला सदनशाह,
कलेक्ट्रेट, कचहरी, वर्णी चौराहा, जिला परिषद, पुराना सूचना केंद्र, गांधी
नगर, वसुंधरा कालोनी आदि क्षेत्रों की बिजली नौ घंटे तक ठप रही। अधिकारियों
की मौजूदगी में कर्मियों द्वारा लाइन में फाल्ट को ढूंढने के लिए
पेट्रोलिंग की गई। दोपहर बाद फाल्ट मिलने पर शाम सवा पांच बजे आपूर्ति बहाल
की जा सकी। इसके अलावा फीडर पांच के अंतर्गत मुहल्ला चांदमारी की ओर जाने
वाली गली में एक विद्युत पोल में करंट आने के कारण आपूर्ति बंद कर दी गई।
जानकारी मिलने पर विभागीय अधिकारियों के निर्देश पर कर्मियों द्वारा फाल्ट
को सुधारा गया, तब कहीं जाकर मुहल्लेवासियों को आपूर्ति दी जा सकी।
बॉक्स -
दिन भर गुल रही जिला अस्पताल की बिजली
ललितपुर।
रौंड़ा स्थित 132 केवी हाईडिल से जिला अस्पताल के लिए स्वतंत्र फीडर के
माध्यम से 24 घंटे बिजली आपूर्ति मुहैया कराने का प्रावधान है। रविवार की
सुबह ग्राम सिवनी में टीकमगढ़ रेलवे क्रॉसिंग से जिला अस्पताल के लिए निकली
33 केवी हाईटेंशन लाइन की केबिल बर्स्ट हो गई, जिसके चलते जिला अस्पताल की
बिजली सुबह साढ़े आठ बजे बिजली गुल हो गई और 10 घंटे से अधिक समय तक बाधित
रही।
जानकारी मिलने पर विद्युत अधिकारियों द्वारा पेट्रोलिंग कर फाल्ट को
खोजा गया। इसके बाद जिला अस्पताल की लाइन को बंदरगुढ़ा लाइन से जोड़कर
आपूर्ति सुचारु करने का कार्य किया गया। जिला अस्पताल को 24 घंटे आपूर्ति
के लिए यहां 33 केवी की दो केबल बिछाई गई हैं, जिसमें एक केबल तो कई महीनों
पूर्व ही खराब हो गई थी, जिसे अब तक नहीं बदला जा सका है। अब यह दूसरी
केबल भी खराब हो गई है, जिससे विभाग को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
कुआंतला में तीन दिन से ट्रांसफार्मर खराब
ललितपुर।
गल्ला मंडी स्थित 66 केवी सब स्टेशन के अंतर्गत ग्राम कुआंतलां में दो दिन
पूर्व 26 जून को 83 केवीए का ट्रांसफार्मर तेज आवाज के साथ फुंक गया। इस
कारण पूरे गांव की आपूर्ति गुल हो गई। ग्रामीणों द्वारा जानकारी देने के
बाद भी तीन दिन से खराब ट्रांसफार्मर अब तक नहीं सुधारा जा सका है।