ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला चौबयाना में एक युवक ने विवाद होने पर पहले अपनी भाभी को गले में धारदार हथियार मारकर लहूलुहान कर दिया, इसके बाद उसी के घर में उसी की साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, वहीं घायल महिला को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा, जहां से उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। महिला युवक के चचेरे भाई की पत्नी है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चौबयाना में नंबर एक स्कूल के पीछे निवासी बंटी कुशवाहा (22) पुत्र भगवानदास कुशवाहा बृहस्पतिवार की शाम को करीब साढ़े छह बजे मोहल्ले में ही अपने चचेरे भाई के घर गया था, जहां उसका चचेरे भाई आशाराम की पत्नी सुनीता कुशवाहा (22) से किसी बात को लेकर कुछ कहासुनी हो गई। इस पर उसने धारदार हथियार से भाभी सुनीता के गले पर वार कर दिया, जिससे वह भागी लेकिन घर के बाहर निकलने से पहले ही बेहोश होकर गिर पड़ी। इसके बाद बंटी कुशवाहा ने कमरे में जाकर भाभी की साड़ी से बल्ली के सहारे फांसी लगाकर जान दे दी। सुनीता को बेहोश देखकर मोहल्ले वालों ने उसके देवर कृष्ण मुरारी को फोन लगाकर झगड़ा होने की बात कहकर बुलाया। वह तत्काल मौके पर पहुंचा और खून से लथपथ भाभी को उठाकर उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले गया, जहां उसकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहीं अन्य परिवारजन भी घटना स्थल पर पहुंच गए और खून के निशान देखकर कमरे में पहुंचे तो वहां बंटी कुशवाहा का शव साड़ी पर फंदे पर लटक रहा था। यह देख परिजनों ने कोतवाली पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल सुनीता के पति आशाराम ने बताया कि बंटी और सुनीता का किसी बात को लेकर आपस में झगड़ा हुआ था, जिस पर बंटी ने उसकी पत्नी सुनीता के गले पर धारदार हथियार से वार किया, फिर घबराकर फांसी लगा ली होगी। उनमें झगड़ा किस वजह से हुआ, इसकी जानकारी सुनीता से बात करने पर ही पता चलेगा।
मोहल्ला चौबयाना में युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला था, मामले में जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। परिजनों ने इस मामले में कोई शिकायत नहीं की है।
सुभाषचंद, सदर चौकी प्रभारी