ललितपुर। थाना नाराहट के अंतर्गत ग्राम पिपरिया पाली निवासी बीएससी पास एक युवक का शव ग्राम खजुरिया के पास पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिला। युवक घर से इंदौर जाने की कहकर निकला था, लेकिन उसका शव उस गांव के पास फांसी पर लटका मिला जहां उसकी बुआ की बेटी की शादी थी। फिलहाल परिजन इसे आत्महत्या मान रहे हैं। लेकिन युवक इंदौर न जाकर ग्राम खजुरिया कैसे पहुंचा, इसके बारे में कोई कुछ नहीं बता पा रहा है।
ग्राम पिपरिया पाली निवासी देवानंद उर्फ राहुल (22) पुत्र खिलान रविवार की शाम को 7.30 बजे घर से इंदौर जाने की कहकर निकला था। लेकिन उसका शव थाना महरौनी के अंतर्गत ग्राम खजुरिया के पास सांदा चौराहे पर रस्सी से जामुन के पेड़ से लटका मिला। मृतक के पिता ने बताया कि राहुल की बुआ की बेटी की शादी थी। वह और उनके भाई सिंदवाहा में शादी में गए थे। राहुल इंदौर की एक आरओ फैक्टरी में सुपरवाइजर था। चार साल से वहीं नौकरी कर रहा था। रविवार को भी वह इंदौर जाने की कहकर निकला था। उन्होंने बताया कि सोमवार को कुछ रिश्तेदारों ने सांदा चौराहे पर एक युवक का शव पेड़ से लटका होने की सूचना दी। तो वह भी मौके पर पहुंच गए। जाकर देखा तो राहुल फांसी पर लटका मिला। जहां शव मिला वह जगह राहुल की बुआ के गांव से कुछ दूरी पर है। उनका कहना है कि आत्महत्या करने का कारण उन्हें पता नहीं है। मृतक तीन भाइयों में छोटा था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।