कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्राओं को माध्यमिक स्तर की पढ़ाई के दौरान आवासीय सुविधा मुहैया होगी। ब्लाक महरौनी व तालबेहट में छात्रावास बनकर तैयार हैं, जबकि बिरधा व जखौरा में छात्रावास का निर्माण पूरा होने की ओर है।
कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में निर्धन परिवारों की बालिकाओं को कक्षा छह से आठ तक की नि:शुल्क आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराई जाती है। लेकिन, उन्हें आगे की शिक्षा के दौरान आवासीय सुविधा नहीं मिलती है। इससे तमाम छात्राएं बीच में शिक्षा छोड़कर घर बैठ जाती हैं। जिसे ध्यान में रखकर शासन ने निर्धन बालिकाओं को आगे की शिक्षा में भी आवासीय सुविधा मुहैया कराने का निर्णय लिया है। योजनांतर्गत जिले छह विद्यालयों में चार में छात्रावास बनाया जा रहा है। एक छात्रावास की लागत एक करोड़ 70 लाख 25 हजार रुपये रखी गई है। इसके निर्माण की जिम्मेदारी यूपीपीएल संस्था को दी गई है। तालबेहट स्थित जीजीआईसी एवं महरौनी स्थित किसरदा में छात्रावास का निर्माण पूरा हो गया है। जिस पर जिलाधिकारी डॉ. रूपेश कुमार ने इन छात्रावासों को हैंडओवर करने के लिए सत्यापन समिति गठित कर दी है। इसमें पीडब्ल्यूडी व आरईएस के अधिशासी अभियंता को सत्यापन की जिम्मेदारी दी गई है। दोनों अफसरों की आख्या के आधार पर हैंडओवर की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। अन्य दो ब्लाकों के अंतर्गत ग्राम कल्यानपुरा व जीआईसी जखौरा में निर्माण अंतिम चरण में है। इसी वित्तीय वर्ष में इन भवनों के हैंडओवर होने की भी संभावना है। इस तरह नए शैक्षिक सत्र से छात्राओं को छात्रावास उपलब्ध हो सकेंगे।