राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 14 दिसंबर से 18 जनवरी तक आयोजित होने वाले बाल स्वास्थ्य पोषण माह का शुभारंभ पीपीसी (जिला प्रसवोत्तर केंद्र) में जिलाधिकारी डा. रूपेश कुमार द्वारा फीता काटकर किया गया। डीएम डा. रूपेश कुमार ने 09 माह से 05 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन ए की खुराक पिलायी। उन्होंने संबंधितों को 09 माह से 05 वर्ष तक के बच्चों को बिटामिन ए की खुराक पिलाये जाने के निर्देश दिये।
जिलाधिकारी ने कहा कि 09 माह से 01 वर्ष तक के बच्चों को आधा चम्मच (01 मिली लीटर), 01 वर्ष से 05 वर्ष तक के बच्चों को 01 चम्मच (02 मिली लीटर), पूरे माह विटामिन ए का संपूणन, सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर एएनएम द्वारा बिटामिन ए की खुराक पिलायी जायेगी। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा.जेएस बख्शी ने बताया कि प्रत्येक वर्ष साल भर में दो बार माह जून और दिसम्बर में बाल स्वास्थ्य पोषण माह का आयोजन किया जाता है। इस बार 14 दिसम्बर 2016 से 18 जनवरी 2017 तक इसका आयोजन किया जा रहा है। बाल स्वास्थ्य पोषण माह के अन्तर्गत सभी 09 माह से 05 वर्ष तक के बच्चों जिन्हे पिछले 06 माह के दौरान बिटामिन ए की खुराक न मिली हो उन्हें विटामिन ए की खुराक पिलायी जाती हैै। बिटामिन ए आंखों की बीमारी रतौंधी से रक्षा करता है। इसके अतिरिक्त शरीर में रोगों से लडने की क्षमता में वृद्धि करता है। बिटामिन ए दस्त रोग की गम्भीरता और इससे होने वाली मृत्यु को भी कम करता है। बाल स्वास्थ्य पोषण माह के दौरान सभी बच्चे जो टीकाकरण से वंचित हों उनका टीकाकरण किया जाता है। स्तनपान को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता पैदा करना, जैसे प्रसव के पश्चात एक घण्टे के अंदर स्तनपान शुरू करना, पहले छह माह तक केवल मां का दूध देना और छह माह के पश्चात मां के दूध के साथ ऊपरी आहार को शुरू करना। बाल स्वास्थ्य पोषण माह में 05 वर्ष के सभी बच्चों का वजन लेना और अतिकुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हे एआरसी संदर्भित करना। खाने में आयोडीन युक्त नमक को बढ़ावा देना। उन्होने बताया कि इस अभियान में जनपद के 01 लाख 48 हजार 500 बच्चों को आच्छादित किया जायेगा, जिसके लिए जनपद में 01 हजार 57 टीकाकरण सत्रों का आयोजन किया गया है। इस अवसर पर सीएमओ डा. प्रताप सिंह, सीएमएस डा. हरेंद्र सिंह, डा.जेएस बक्शी, एसीएमओ डा. मुकेश दुबे, एसीएमओ डा.डीसी दोहरे, डीपीओ दीपिका घोष, सीडीपीओ नगर बीएल गुप्ता, केबी मिश्र सहित स्वास्थ विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।