ललितपुर। परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को कोविड 19 महामारी में लॉकडाउन और ग्रीष्मावकाश की अवधि को शामिल करते हुए 76 दिनों के मिड-डे मील का अनाज और परिवर्तन लागत राशि उपलब्ध कराई जाएगी। जहां परिवर्तन लागत राशि बच्चों के माता-पिता/अभिभावक के बैंक खाते में हस्तांतरित की जाएगी, वहीं कोटेदार के जरिए खाद्यान्न वितरित किया जाएगा।
कोविड-19 महामारी के संक्रमण को रोकने के लिए देश लॉकडाउन किया गया है। इसके चलते स्कूल बंद हैं। यही नहीं, वर्तमान में ग्रीष्मावकाश शुरू हो गया है। इस समयावधि में परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को मध्याह्न भोजन वितरित नहीं हो पाया है। इसके मद्देनजर प्रदेश शासन ने लॉकडाउन अवधि और ग्रीष्मावकाश (30 जून तक) परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को खाद्य सुरक्षा भत्ता उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। इसके तहत प्राथमिक विद्यालयों में 374 रुपये प्रति छात्र और उच्च प्राथमिक विद्यालय में 561 रुपये प्रति छात्रों को एनईएफटी के माध्यम से बैंक खातों में उपलब्ध कराए जाएंगे। वर्तमान में सभी बच्चों के बैंक खाते विभाग के पास नहीं है, इस कारण उनके माता-पिता/अभिभावक के बैंक खाते में यह धनराशि हस्तांतरित की जाएगी। परिवर्तन लागत की धनराशि के भुगतान के लिए खंड शिक्षा अधिकारी प्रेरणा पोर्टल पर उपलब्ध विद्यालयवार छात्र-छात्राओं का डाटा एक्सल सीट एवं हार्डकापी में विद्यालय के प्रधानाध्यापक को उपलब्ध कराएंगे। खाद्यान्न उपलब्ध कराने के लिए अभिभावकों को प्राधिकार पत्र वितरित किए जाएंगे। प्राथमिक विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों को 2.5 किलोग्राम गेहूं और 5.1 किलोग्राम चावल का वितरण किया जाएगा। उच्च प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों को 3.8 किलोग्राम गेहूं व 7.6 किलोग्राम चावल दिया जाएगा।
इतनी राशि उपलब्ध
मध्याह्न भोजन सेल के पास प्राथमिक विद्यालय के लिए 58,28,143 रुपये और उच्च प्राथमिक विद्यालय के लिए 43,26,767 रुपये की धनराशि उपलब्ध है। अवशेष राशि के लिए शासन से धनराशि की मांग की गई है।
कोविड-19 महामारी के कारण हुए लॉकडाउन एवं ग्रीष्मावकाश की अवधि को शामिल करते हुए परिषदीय स्कूल के छात्र-छात्राओं को मध्याह्न भोजन योजना में खाद्यान्न एवं परिवर्तन लागत की राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
- रामप्रवेश, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी