बंगरिया (ललितपुर)। उप्र बोर्ड परीक्षाएं बृहस्पतिवार से आरंभ हो रही हैं और ग्राम बंगरिया के छात्रों को प्रवेश पत्र नहीं मिलने से आक्रोशित छात्रों ने हाइवे पर जाम लगा दिया। जाम खुलवाने के लिए विद्यालय व पुलिस प्रशासन को खासी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान छात्रों ने विद्यालय प्रशासन पर तमाम आरोप लगाए।
ग्राम बंगरिया स्थित डीएसपी इंटर कॉलेज में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों को बृहस्पतिवार से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षा के प्रवेश पत्र एक दिन पूर्व तक उपलब्ध नहीं कराए जा सके। इससे विद्यालय के छात्रों ने पहले तो स्कूल प्रशासन के खिलाफ नाराजी व्यक्त कर नारेबाजी की। इसके बाद विद्यार्थियों ने बुधवार की दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे झांसी-सागर नेशनल हाइवे-26 को जाम कर दिया। इससे वाहनों की दोनों ओर कतार लग गई। हंगामा की जानकारी होने पर प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देश पर नाराहट व पाली थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने व प्रवेश पत्र मिलने के बाद ही जाम खोलने पर अड़े रहे। बाद में विद्यालय प्रशासन के प्रबंधक व प्राचार्य ने परीक्षा से पूर्व प्रवेश पत्र दिए जाने का आश्वासन दिया, जिस पर वह मान गए और करीब एक घंटे बाद जाम खोल दिया गया।