ललितपुर। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। नकल रोकने को सचल दलों का गठन किया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर जाकर परीक्षा की तैयारियां देखीं और नकलविहीन परीक्षाएं संपन्न कराने के लिए केंद्र व्यवस्थापकों व कक्ष निरीक्षकों को निर्देश दिए।
उप्र बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं बृहस्पतिवार से शुरू हो रही हैं। परीक्षाएं 21 मार्च तक चलेंगी। इसके लिए शिक्षा विभाग द्वारा तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। जनपद में बोर्ड परीक्षाओं को शांतिपूर्ण व नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की टीमों का गठन कर दिया गया है। केंद्र व्यवस्थापकों द्वारा परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त प्रकाश व पीने के पानी की व्यवस्थाएं कर ली गई हैं, ताकि विद्यार्थियों को परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की समस्या से नहीं जूझना पड़े। विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर परीक्षाएं शांतिपूर्ण ढंग से संचालित कराए जाने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था की गई है।
जिला विद्यालय निरीक्षक श्याम प्रकाश यादव ने बृहस्पतिवार से शुरू होने वाली परीक्षाओं के एक दिन पूर्व बुधवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में परीक्षा की तैयारियां परखीं और उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों और कक्ष निरीक्षकों के साथ बैठक कर तैयारियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कक्ष निरीक्षकों को परीक्षा से संबंधित समूची व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखने को निर्देश दिए। कहा कि परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो और परीक्षाएं नकल विहीन कराने को निर्देश दिए।
जनपद में होने वाली हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में कुुल 35,459 विद्यार्थी शामिल होंगे, इसमें हाईस्कूल में संस्थागत परीक्षार्थियों के रुप में 20,572 और व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के रुप में 1,631 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। इंटरमीडिएट परीक्षा में संस्थागत परीक्षार्थी के रूप में 12,426 और 830 व्यक्तिगत परीक्षार्थी प्रतिभाग करेंगे। परीक्षा केंद्र के भीतर परीक्षार्थियों को पाठ्य सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं रहेगी। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के दौरान गेट पर ही परीक्षार्थियों की तलाशी ली जाएगी।
परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों को सेलुलर फोन, केल्कुलेटर, स्केनर, पेजर आदि इलेक्ट्रानिक उपकरण ले जाने पर भी प्रतिबंध रहेगा। परीक्षाओं के सुगम व सुचारु रुप से संचालन के लिए नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। सभी परीक्षा केंद्रों पर एक दिन पूर्व ही परीक्षार्थियों के बैठने के लिए पर्याप्त टेबल और कुर्सियों की व्यवस्था पूर्ण कर ली गई है। टेबलों पर परीक्षार्थियों के रोल नंबर की स्लिप चस्पा कर दी है।