संवाद न्यूज एजेंसी
सिलावन (ललितपुर)। बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं देने का आदेश 26 जनवरी से लागू किया गया है, लेकिन महरौनी में इस पर अमल नजर नहीं आ रहा है। मंगलवार को क्षेत्र के कुछ पेट्रोल पंपों की रिपोर्टर ने पड़ताल की तो हकीकत नजर आ गई। पेट्रोल पंपों पर बिना हेलमेट आसानी से पेट्रोल मिल रहा है।
टीकमगढ़ रोड स्थित विद्यासागर पेट्रोल पंप दो बाइक सवार टंकी में पेट्रोल भरवाने के लिए खड़े थे। दोनों बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। बावजूद इसके उनकी गाड़ी में पेट्रोल भरा जा रहा था। यही स्थिति मडावरा रोड पर कुआंघोषी पेट्रोल पंप पर भी थी। यहां बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था, फिर भी उसकी गाड़ी में पेट्रोल भरा जा रहा था। नाराहट व मड़ावरा रोड के बीच स्थित पेट्रोल पंप पर तीन बाइक पेट्रोल भराने की लिए खड़ी थी जिसके चालक हेलमेट नहीं पहने हुए थे। उन्हें आसानी से पेट्रोल मिल गया।
ललितपुर रोड स्थित सिंघई फिलिंग स्टेशन पर भी दो बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए थे, उनकी बाइक में आसानी से पेट्रोल डाल दिया गया। ललितपुर रोड पर किसरदा गांव स्थित पेट्रोल पंप पर भी बिना हेलमेट बाइक चालक की गाड़ी में पेट्रोल भरा जा रहा था।
00000
सहयात्री के सिर पर भी हेलमेट जरूरी
शासन ने तो आदेश में कहा है कि केवल चालक ही नहीं सहयात्री के सिर पर हेलमेट होना अनिवार्य है। चालक और सहयात्री के सिर पर हेलमेट होगा तभी उसकी गाड़ी में पेट्रोल डाला जाएगा।
00000
वृहद पैमाने पर प्रचार प्रसार की है आवश्यकता
बहुत से लोगों को ‘नो हेलमेट-नो फ्यूल’ के बारे जानकारी नहीं है। यही वजह से कि बाइक चालक बिना हेलमेट लगाए पेट्रोल पंपों पर पहुंच रहे हैं। जानकार इसके लिए वृहद पैमाने पर प्रचार प्रसार करने की आवश्यकता पर जोर दे रहे हैं।
00000
नो हेलमेट-नो फ्यूल के आदेश को प्रभावी बनाया जा रहा है। अभियान को शत प्रतिशत सफल बनाने के लिए पेट्रोल पंपों पर इसका सख्ती के साथ पालन कराया जाएगा।-चंद्रशेखर पंथ, पूर्ति निरीक्षक महरौनी