बिरधा डाक बंगला प्रकरण : कई संगठनों ने दिए ज्ञापन, इमारत का ध्वस्तीकरण ठहराया गलत
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। बिरधा डाक बंगला को ध्वस्त करने के मामले में जिलाधिकारी के आदेश पर गठित टीम ने दूसरे दिन शनिवार को भी जांच पड़ताल की। एडीएम कार्यालय में ग्रामीणों ने बयान दर्ज कराए गए। हालांकि, जिला पंचायत ने अभी तक जवाब नहीं भेजा है। वहीं, यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना रहा।
जिला पंचायत की भूमि पर कस्बा बिरधा में 124 वर्ष पुरानी इमारत को हाल ही में ध्वस्त किया गया था। इसे लेकर अब राजनीति तेज हो गई। जिला प्रशासन ने इस प्रकरण में जांच प्रारंभ कर दी। इसके साथ ही इसी भूमि पर धर्म विशेष की एक इमारत को ध्वस्त करने को लेकर ज्ञापन दिए जा रहे हैं। जिला प्रशासन ने जिला पंचायत से इमारत नष्ट होने पर जवाब मांगा है। इस पर जिला पंचायत इमारत संबंधी दस्तावेज व ध्वस्त करने की नियमावली सहित जवाब देने में जुटा हुआ है। अपर जिलाधिकारी अंकुर श्रीवास्तव ने बताया कि अभी ग्रामीणों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। सभी पत्रावली व तथ्यों को जांचने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
अधिवक्ताओं ने एडीएम को सौंपा ज्ञापन
बिरधा डाक बंगला ध्वस्तीकरण को लेकर दोषियों पर कार्रवाई के लिए कई अधिवक्ताओं ने एडीएम को ज्ञापन सौंपा है। इसमें उन्होंने रातों रात डाक बंगला गिराए जाने व रात में खोदाई करने के मामले में विस्तृत जांच की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि लाल व श्वेत बलुआ पत्थरों की कलाकारी और ऐतिहासिक महत्व के कारण यह भवन क्षेत्र की पहचान बन चुका था।
स्थानीय जनता इसे स्नेहपूर्वक अंग्रेजी बंगला कहती थी। ज्ञापन पर वरिष्ठ अधिवक्ता हरदयाल सिंह लोधी, पुष्पेंद्र सिंह चौहान, मुकेश लोधी (जिला संयोजक, अधिवक्ता संवाद), जानकी प्रसाद बौद्ध, महेंद्र पाराशर, रविद्र प्रताप घोष, शशिकांत सिंह लोधी, शेर सिंह यादव, स्वतंत्र व्यास आदि के हस्ताक्षर हैं।
इंटैक ललितपुर चैप्टर ने डीएम को दिया ज्ञापन
ललितपुर। इंटैक ललितपुर चैप्टर के संयोजक संतोष कुमार शर्मा ने एक प्रार्थनापत्र जिलाधिकारी को दिया। इसमें उन्होंने प्राचीन बिरधा डाक बंगले में दोषियों पर कार्रवाई की मांग उठाई है। पत्र में बताया गया कि हमारा जनपद अनमोल विरासतों से संबंधित है तथा प्रदेश में दूसरे नंबर पर है। यहां की विरासत को बचाने के लिए जनपद के हर नागरिक को सजग रहना होगा, तभी हम पूर्वजों की विरासतों को बचाने के लिए सफल हो पाएंगे। उन्होंने कहा कि यदि जिला प्रशासन जीर्णोद्धार पर होने वाले व्यय को वहन करने को तैयार है तो दिल्ली से इंटैक विरासत विशेषज्ञों की टीम बुलाकर सर्वे एवं बदहाल स्थिति में स्थित विरासत स्थलों के जीर्णोद्धार के लिए इंटैक ललितपुर चैप्टर तैयार है। बिरधा प्रकरण में उन्होंने दोषियों पर कार्रवाई की मांग उठाई है।
बजरंग सेना ने धर्मस्थल को हटाने की मांग उठाई
बजरंग सेना ने जिलाध्यक्ष दीपक पस्तोर के नेतृत्व में एक प्रार्थनापत्र जिलाधिकारी को दिया गया। इसमें उन्होंने डाक बंगला के पास बने धर्म विशेष के स्थल को कब्जा बताते हुए हटाने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि यह स्थल गोवंश आश्रयस्थल व खेल मैदान में बाधक बना हुआ है। पत्र पर कल्यान कुशवाहा, रमेश, रामकुमार तिवारी, माेनू तिवारी, दीपेश उपाध्याय, दीपक त्रिपाठी, दीपक नायक, छोटू यादव, अनुराग पटैरिया आदि के हस्ताक्षर बताए गए।