ललितपुुर। जिलाधिकारी ने सूखा से निपटने के लिए तैयार की गई कार्ययोजना पर कार्रवाई शुरू करने के निर्देश विभागाध्यक्षों को दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी दशा में सूखा से निपटने में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में डीएम डा. रूपेश कुमार ने कहा कि शासन ने जनपद को सूखाग्रस्त घोषित कर दिया है। इसे ध्यान में रखकर संबंधित अधिकारी जून 2015 में तैयार की गई कार्ययोजना पर कार्रवाई आरंभ कर दें। पशुओं के लिए पानी और चारे की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता बनाए रखने के लिए मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया।
पेयजल की समुचित व्यवस्था के लिए जल निगम व जल संस्थान के अफसरों को कार्ययोजना के अनुसार कार्रवाई करने के लिए कहा गया। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में पानी की समस्या पाई जाए, उन स्थलों पर टैंकरों से पानी उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने पानी की उपलब्धता के लिए गोविंद सागर बांध, जामनी बांध, रोहणी बांध और शहजाद बांध में पानी को पर्याप्त मात्रा में संरक्षित करने के निर्देश दिए।
सिंचाई विभाग के अफसरों ने बताया कि गोविंद सागर बांध में पीने के पानी की कोई समस्या नहीं है। ब्लाक बार के तालाबों में जलापूर्ति गोविंद सागर बांध से होते हुए जाखलौन पंप कैनाल (जेपीसी) से की जा सकती है।
डीएम ने ग्राम ककोरिया व मुड़ारी में पानी की समस्या दूर करने के लिए निर्देशित किया। खाद्यान्न आदि वितरण के लिए जिला पूर्ति अधिकारी से कहा गया।
रैपिड स्कीम योजनांतर्गत चिकित्सा विभाग स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु रूप से प्रदान करते हुए दवाएं उपलब्ध कराए। रोजगार सृजन के लिए उप श्रम आयुक्त को निर्देशित किया। नलकूपों की लक्ष्य पूर्ति के लिए लघु सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया।
डीएम ने नलकूपों के संयोजन के लिए विद्युत विभाग के अफसरों को निर्देश दिए। यही नहीं, कृषकों को नलकूपों के लिए नए कनेक्शन या अस्थाई कनेक्शन कृषकों के आवेदन पर उपलब्ध कराएं। उन्होंने जल निगम, जल संस्थान एवं विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता की गैर मौजूदगी पर अप्रसन्नता जाहिर की।
बैठक में सीडीओ अरुण कुमार उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी एमके त्रिवेदी, उप जिलाधिकारी रमेशचंद्र, लघु सिंचाई विभाग के अभियंता, ईओ नगर पालिका, तहसीलदार ललितपुर, पाली, तालबेहट, नायब तहसीलदार, उप कृषि निदेशक, जिला उद्यान अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी आदि उपस्थित रहे।