महरौनी/ ललितपुर। मंगलवार दोपहर कोतवाली महरौनी क्षेत्र के मड़ावरा मार्ग पर स्थित गांव छायन के पास तेज गति से जा रही कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा।
कोतवाली महरौनी क्षेत्र के गांव सैदपुर फार्म से छह युवक कार से महरौनी जा रहे थे। दोपहर पौने एक बजे मड़ावरा मार्ग पर गांव छायन के पास कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे नीम के पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना में कार सवार सैदपुर फार्म निवासी दिनेश (30) पुत्र सीताराम, नैनवारा गांव निवासी रवि राजा (26) पुत्र राजेंद्र सिंह एवं पशुपालन विभाग कर्मचारी ग्राम सैदपुर निवासी रामकिशोर (30) पुत्र भैयालाल की मौत हो गई। वहीं कार में सवार सैदपुर निवासी महेश पुत्र सीताराम, मनीष पुत्र कमल और झांसी निवासी रोहित पुत्र बृजकिशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। मनीष बांसी पशुचिकित्सालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैैै।
घटना को देख मौके पर इकट्ठा हुए लोगों ने मृतकों और घायलों को किसी तरह कार से बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया है।