ललितपुर। ब्लॉक बार क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कारीटोरन व उसके आसपास के गांवों में दो दिन से लगातार हो रही बारिश के कारण उड़द व सोयाबीन की कटी फसल खराब हो गई है। किसानों को फसल सड़ने की चिंता सताने लगी है। किसानों का कहना है कि यदि खरीफ फसल की लागत नहीं निकली तो रबी सीजन में फसल बुवाई की समस्या हो जाएगी।
इन दिनों उड़द व सोयाबीन की फसल की कटाई व थ्रेसिंग का कार्य चल रहा है। किसान उम्मीद लगाए बैठे थे कि अब फसल घर में पहुंचने वाली है कि मंगलवार की रात्रि में बारिश शुरू हो गई जो बुधवार की दोपहर तक चली। इससे खेतों में कटी फसल भीग गई। किसान भीगी फसल को सुखाने में लगे थे कि बृहस्पतिवार की दोपहर में फिर बारिश हो गई। इससे खेतों में पड़ी कटी फसल सड़ने की कगार पर पहुंच गई है। इस बारिश ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। कुछ किसान रबी सीजन की बुवाई अच्छे से होने की उम्मीद लगाए थे तो कुछ अविवाहितों की शादी कराने की योजना बनाए हुए थे। इस स्थिति में सारी योजनाएं धरी की धरी रह गई।
---
इन गांवों में हुआ नुकसान
कारीटोरन, इमलिया, पाचौनी, चीरा, बरखिरिया, धोवनखेरी, खजरा, देवरान आदि में बारिश से फसलों को नुकसान पहुंचा है।
----
दैवीय आपदाओं ने क्षेत्रीय किसानों की कमर तोड़कर रख दी है। हर साल फसलों को नुकसान पहुंच रहा है। जिस कारण आय बढ़ना तो दूर लागत निकालना मुश्किल हो रहा है।-मनु
---
कृषि घाटे का सौदा साबित हो रहा है। सरकार कह रही है कि आय दोगुनी के प्रयास किए जा रहे हैं लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में खेती से किसानों का मोह भंग हो रहा है।-लक्ष्मन कुमार
----
दिन व रात में बारिश होने से खेतों में कटी पड़ी फसल खराब हो गई है। इसमें उड़द की फसल पूरी तरह सड़ चुकी है। बारिश का पानी लगने से पेड़ों की फली काली पड़ गई हैं।-आशीष गोस्वामी
---
लगातार बारिश होने से फसल से भूसा भी नहीं निकलने वाला है। इससे जानवरों को भूसा की समस्या उत्पन्न हो गई है। पूर्व की बर्बाद फसल का बीमा भी अभी तक नहीं मिला है। -जसविंद पाठक
---
रबी सीजन में बुवाई की समस्या खड़ी हो गई है। कहां से बीज व खाद लाएंगे, यह समझ नहीं आ रहा है? अब तो कोई उधारी में खाद, बीज भी नहीं देगा। रात दिन इस बात की चिंता सता रही है।-अजुद्दी अहिरवार
---
उड़द की फसल बचाने की हर कोशिश की है। खरपतवार नाशक दवा महंगे दामों में खरीदी और उसका छिड़काव फसल पर किया लेकिन एक बारिश ने फसल को बर्बाद कर दिया है।-कोमल प्रजापति
ग्राम कारीटोरन में सोयाबीन की खड़ी फसल- फोटो : LALITPUR
ग्राम कारीटोरन में खराब फसल हाथ में लिए किसान- फोटो : LALITPUR