ललितपुर। बल्क ड्रग पार्क में फेज-1 का कार्य चल रहा है। बाउंड्रीवाल, सड़क व उपकेंद्र का कार्य होना है। वहीं, दूसरे चरण में रिसर्च सेंटर व वेयर हाउस की इमारतों का कार्य प्रारंभ होना है। इसकी कार्ययोजना बनाकर शासन को भेज दी है। जल्द ही इन इमारतों का कार्य प्रारंभ हो जाएगा।
महरौनी तहसील के ग्राम सैदपुर में 350 एकड़ भूमि पर बल्क ड्रग फार्मा पार्क का निर्माण हो रहा है। फेज-1 के प्रथम चरण में सड़क के चौड़ीकरण के लिए खंभों की शिफ्टिंग, उपकेंद्र व अलग से विद्युत लाइन डाले जाने और पेड़ कटान का कार्य कराया जा रहा है। फार्मा पार्क के लिए 33/11 केवी उपकेंद्र की स्थापना का कार्य चल रहा है। कंट्रोल रूम भवन बन गया है। फाउंडेशन बाउंड्रीवाल निर्माण, सड़क चौड़ीकरण के लिए खंभों की शिफ्टिंग की जा रही है। साथ ही फोरलेन सड़क का कार्य चल रहा है। दो प्रवेश द्वार एवं 1.97 किमी लंबाई में बनाई जाने वाली बाउंड्रीवाल का कार्य प्रारंभ हो गया है। यहां आधुनिक तकनीक से मेडिकल डिवाइस बनाने के लिए कुछ कंपनियों से एमओयू भी साइन हुआ है। इन रिसर्च सेंटर की इमारत बनाने के लिए यूपीसीडा ने कार्ययोजना तैयार कर ली है। इसे मंजूरी मिलते ही रिसर्च सेंटर व यूपीसीडा की इमारत का कार्य प्रारंभ हो जाएगा।
-
इन कंपनियों से रिसर्च के लिए हुआ अनुबंध
बल्क ड्रग पार्क में रिसर्च सेंटर के लिए यूपी सरकार ने काउंसिल ऑफ साइंटिफिक एंड इंडस्ट्रियल रिसर्च (सीएसआईआर) और डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन (डीआरडीओ) जैसी नामी संस्थाओं को अपना नॉलेज पार्टनर बनाया है। यहां नए उपकरण भी तैयार किए जा सकेंगे, जिससे गंभीर बीमारियों को जल्द चिह्नित किया जा सके। प्रदेश सरकार ने सीएसआईआर की 43 और डीआरडीओ की 46 प्रयोगशाला से एमओयू साइन किए हैं। यहां सस्ती दवाओं के लिए शोध का कार्य होगा।
-
प्रथम फेज के दूसरे चरण का कार्य जल्द ही प्रारंभ किया जाएगा। दूसरे चरण में रिसर्च सेंटर व वेयर हाउस की इमारतों का निर्माण होगा।
जॉनी बिल्टोरिया, प्रबंधक यूपीसीडा।