संवाद न्यूज एजेंसी
जाखलौन/ललितपुर। ब्लॉक बिरधा अंतर्गत कस्बा जाखलौन में पेयजल आपूर्ति संकट दूर नहीं हो पा रहा है। यहां पर पहले पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से आपूर्ति ठप रही। इसके बाद मोटर जल गई। यह ठीक हुई तो अब ट्रांसफार्मर खराब हो गया है। ऐसे में दस हजार की आबादी को पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है। वर्तमान में सर्दी में हैंडपंप से पानी जुटाने में परेशानी हो रही है। इसके बाद भी जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं।
कस्बा जाखलौन में लगभग 20 हजार की आबादी है। कस्बा में जल संस्थान द्वारा पेयजल आपूर्ति की जाती है। शुरुआत में पर्याप्त मात्रा में आपूर्ति हुई है, लेकिन अब लंबे समय से पेयजल आपूर्ति का संकट दूर नहीं हो पा रहा है। कस्बे में पूर्व में नमामि गंगे की पाइपलाइन डाले जाने से लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। इससे पेयजल आपूर्ति बाधित रही। लाइन डाले जाने के बाद पाइपलाइन की मरम्मत कर दी गई थी। इसके बाद जल संस्थान की मोटर खराब हो गई। इससे कुछ दिन तक पेयजल आपूर्ति ठप रही। विभाग ने मोटर को ठीक कराया तो अब ट्रांसफार्मर खराब हो गया है। ऐसे में अब पानी की सप्लाई ठप बनी हुई है। ऐसे में कस्बा में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। लगातार पानी न मिलने से कस्बेवासियों में आक्रोश पनप रहा है।