- कंपनी सोलर से उत्पादित बिजली आधे दाम में बेचेगी
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। यूपीनेडा विभाग के माध्यम से रैस्को योजना के अंतर्गत पुलिस लाइन, जिला कारागार में पूर्व में बिजली क्षमता के अनुसार और अटल आवासीय विद्यालय में साढ़े तीन सौ किलोवाट क्षमता के सोलर सिस्टम लगाए जाएंगे। इस योजना से विभागों में यह सोलर सिस्टम मुफ्त में लग सकेगा, जबकि कंपनी द्वारा उक्त विभागों को आधी राशि में सोलर से उत्पादित बिजली को बेचा जाएगा।
यूपीनेडा विभाग के माध्यम से जनपद में अब पचास किलोवाट से अधिक क्षमता वाले सोलर सिस्टम की स्थापना अब कंपनियों द्वारा रैस्को योजना के अंतर्गत की जा रही है। इस योजना में कंपनी द्वारा चयनित सरकारी भवनों की छतों पर पचास किलोवाट से अधिक क्षमता वाले सोलर सिस्टम की स्थापना निशुल्क की जाएगी। इसके बाद कंपनी द्वारा विभागों को सोलर सिस्टम से उत्पादित बिजली भी आधे दामों में बेची जाएगी। इससे जहां विभाग को बिजली खपत की आधी राशि देनी होगी वहीं, कंपनी को एक बार सिस्टम लगाने के बाद उत्पादित बिजली बेचने से लाभ मिल सकेगा। जबकि बाकी बिजली ग्रिड को भी पहुंचाई जाएगी। इस योजना के तहत अब यूपीनेडा के माध्यम से अटल आवासीय विद्यालय में इस योजना के तहत 350 किलाेवाट क्षमता का सोलर सिस्टम लगाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसे मंजूरी भी मिल गई है। वहीं, पुलिस लाइन और जिला कारागार में भी इस योजना के तहत विद्युत कनेक्शन की क्षमता के अनुसार ऑनग्रिड सोलर सिस्टम लगाया जाएगा। इसके लिए भी विभाग द्वारा तैयार किए गए प्रस्ताव पर मंजूरी मिल गई है और जल्द ही इन स्थानों पर सोलर सिस्टम लगाने का कार्य किया जाएगा।
अटल आवासीय विद्यालय के लिए 350 किलोवाट क्षमता का सोलर सिस्टम लगाने को मंजूरी मिल गई है। जबकि पुलिस लाइन और जिला कारागार में बिजली कनेक्शन की क्षमता के अनुसार इस योजना के तहत ही सोलर सिस्टम की स्थापना की जाएगी।
-राजेश कुमार बघेल, परियोजना अधिकारी, यूपीनेडा।