ललितपुर-तालबेहट। जल संस्थान की लापरवाही से निकाय क्षेत्रों में खराब पड़े हैंडपंपों की मरम्मत नहीं हो पा रही है। इससे लोगों को पानी के संकट से जूझना पड़ रहा है। नगर पालिका क्षेत्र के विष्णुपुरा में सोलर पंप खराब होने से तीन हजार की आबादी तीन माह से इधर-उधर लगे हैंडपंपों से पानी भरने को विवश है। जबकि, तालबेहट के वार्ड नंबर पांच में तीन हैंडपंपों में दो खराब पड़े हैं। एक हैंडपंप के सहारे करीब दो हजार की आबादी पानी ले रही है।
नगर पालिका परिषद के वार्ड दो रैदासपुरा के मोहल्ला विष्णुपुरा में पेयजल सुविधा के लिए तीन सोलर पंप लगवाए गए थे। साथ ही लाइन को मोहल्ले की गलियों में डालकर नल लगाए गए थे। इससे मोहल्लावासी घरों के पास ही पानी जुटा लेते थे। मंदिर के पास वाला सोलर पंप अधिक सुविधा दे रहा था। इससे तीन हजार की आबादी को पानी मिल रहा था। लेकिन, करीब तीन माह से सोलर पंप और पास में लगा हैंडपंप खराब पड़ा है। यहां के लोगों को दूर से पानी लाना पड़ रहा है। -
नलों में दो दशक से नहीं आ रहा पानी :
मोहल्ला में पहले पानी की सुविधा के लिए पाइपलाइन डाली गई थी, तब पर्याप्त मात्रा में पानी मिलता रहा। इसके बाद पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, इससे ऊंचाई होने से पानी नहीं पहुंच सका। अनदेखी के चलते आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। यहां लगभग दो दशक से पानी की सप्लाई ठप है। वर्तमान में दूर लगे हैंडपंप व गर्मियों में टैंकरों का ही सहारा है।