ललितपुर। जिलाधिकारी योगेश कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में कोविड-19 कोर कमेटी की बैठक मंगलवार की देर शाम आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी से अपील की कि सभी लोग सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन पूरी कड़ाई के साथ करें।
जिलाधिकारी ने अपर पुलिस अधीक्षक को निर्देश देते हुए कहा कि घंटाघर से गेंदालाल पेट्रोल पंप तक जो भी फलों की दुकानें लगती है उन्हें कंपनी बाग पर अलग स्थान पर लगवाएं। विगत 24 घंटे के कोविड परिणामों पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि सोमवार तक कुल 1100 सैंपल लिए गए थे, अब तक कुल 505 मरीज डिस्चार्ज हो चुके हैं। जनपद में अब कुल 256 एक्टिव केस हैं। मंगलवार को आरटीपीसीआर, ट्रू नेट एवं एंटीजन के माध्यम से कुल 34,689 सैंपल लिए गए हैं, डीएम ने टेस्टिंग का दायरा बढ़ाने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि चिकलौवा बजाज पावर प्लांट पर टेस्टिंग बूथ बना कर शत प्रतिशत कर्मचारियों की जांच कराई जाए। सभी तहसील एवं ब्लॉक मुख्यालय पर टेस्टिंग बूथ बनाया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में जांच का दायरा बढ़ेगा। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक विकासखंड के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों एवं सेक्रेटरी के साथ बैठक कर ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना से बचाव की रणनीति बनाएं। अपर जिलाधिकारी एवं अपर पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए कि शहर के जिन क्षेत्रों में अधिक भीड़ होती है, वहां पर अल्टरनेट डेज पर दुकानों के खुलने की व्यवस्था करें ताकि भीड़ एकत्रित होने की संभावना कम हो सके। यह भी निर्देश दिए कि जनपद के सभी बैंक मैनेजर एवं उनकी ब्रांच के कर्मचारी तथा बेसिक शिक्षा विभाग के सभी अध्यापक इस आशय का शपथ पत्र देंगे कि उनके द्वारा झांसी या अन्य निकटवर्ती जनपदों से अप डाउन नहीं किया जा रहा है। यदि उनके द्वारा अन्य जनपदों से अप डाउन करते हुए पाया गया तो उनके विरुद्ध कोविड अधिनियम के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।