बिना मास्क लगाए बैठक करते समाजवादी युवजन सभा के सदस्य
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। आम लोगों को प्रशासन भले ही सामाजिक दूरी का पालन न करने पर दंडित कर रहा हो, लेकिन नेता सामाजिक दूरी का पालन करने में लगातार कोताही बरत रहे हैं। इन पर न तो कार्रवाई हो रही और ही जुर्माना लगाया जा रहा है। इससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न उठ रहे हैं।
वैश्विक बीमारी कोरोना वायरस संक्रमण को रोकने के लिए किए जा रहे तमाम दावे असफल होते नजर आ रहे हैं। इसका नतीजा लगातार सामने आ रहा है। आए दिन नए कोरोना संक्रमित मरीज मिल रहे हैं। बढ़ते संक्रमण के चलते जनपद 35वें स्थान पर पहुंच गया और बुंदेलखंड में दूसरे स्थान पर आ गया है। इसके बाद भी न तो नेता सामाजिक दूरी बनाने में गुरेज कर रहे हैं, और जिम्मेदार भी उदासीन बने हुए हैं। ऐसे में जनपद कब प्रदेश में प्रथम स्थान पर आ जाए। इससे इंकार नहीं किया जा सकता है। बुधवार को समाजवादी पार्टी कार्यालय में एक बैठक की आयोजन किया गया। जिसमें न तो सामाजिक दूरी का पालन किया गया है और न ही मुंह पर मास्क लगाए हैं। इससे संक्रमण को रुकने की स्थिति का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है। वहीं, कांग्रेसियों ने हाथरस में हुई दरींदगी की घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान अधिकांश कार्यकर्ता मुंह पर मास्क नहीं लगाए रहे और न ही सामाजिक दूरी का पालन किया गया।
बीते दिनों मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री ने किया था उल्लंघन
बीते दिनों मध्यप्रदेश के एक कद्दावर कैबिनेट मंत्री जनपद की तहसील तालबेहट के क्षेत्र माताटीला में आए थे, जहां पर उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान अधिक मात्रा में कार्यकर्ता एकत्रित हुए। इस दौरान मंत्री ने न तो सामाजिक दूरी का पालन किया था और न ही मॉस्क लगाया था। हालांकि बाद में उन्होंने माफी मांग ली थी।
पार्टी की बैठक में कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के नियमों का पालन कराया जाएगा। नियमों का पालन न करने वाले कार्यकर्ताओं को हिदायत दी जाती है।
- तिलक यादव , जिला अध्यक्ष समाजवादी पार्टी
सामाजिक दूरी का पालन व मुंह पर मास्क न लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
ब्रजेश कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक