ललितपुर। नेहरू महाविद्यालय की फुटबाल टीम ने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय फुटबाल प्रतियोगिता में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया है। समापन समारोह में एसडीएम हमीरपुर ने ललितपुर की फुटबाल टीम को ट्राफी व मेडल प्रदान किए।
हमीरपुर के कुरारा में श्री रामकृष्ण परास्नातक महाविद्यालय में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालीय फुटबाल प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें नेहरू महाविद्यालय की फुटबाल टीम ने प्रतिभाग किया। पहले मैच में नेहरू महाविद्यालय की टीम ने जेएन महाविद्यालय बांदा को 2-0 से हराया। दूसरे मैच में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए नेमवि की टीम ने महाविद्यालयों की संयुक्त टीम को को 3-0 से हराया। लेकिन, फाइनल मुकाबले में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की टीम ने मैच जीत लिया। इस तरह नेहरू महाविद्यालय ललितपुर की फुटबाल टीम रनर अप रही।
टीम में महाविद्यालय की ओर से आयुश कटारे, शिशुपाल, अक्षय देवलिया, हेमंत साहू, वसीम अहमद, मृदुल गोस्वामी, नितिन सिंह, कुलदीप तिवारी, अर्पित द्विवेदी, सुरेंद्र लोधी, भास्कर सिंह, शुभम सिंह परिहार शामिल रहे। उनके साथ क्रीड़ा अधिकारी डा. अनिल सूर्यवंशी व टीम मैनेजर हरिकेश सोलंकी थे। मंगलवार को कालेज के प्राचार्य डा. अवधेश अग्रवाल, डा. ओमप्रकाश शास्त्री सहित सभी प्राध्यापकों ने फुटबालरों का स्वागत कर उन्हें प्रोत्साहित किया।
संस्कृत विभागाध्यक्ष डा. ओमप्रकाश शास्त्री ने बताया कि इन खिलाड़ियों को 26 जनवरी को सम्मानित किया जाएगा। टीम के उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए महाविद्यालय के चार खिलाड़ी आयुश कटारे, वसीम अहमद, शिशुपाल सिंह आदि का चयन अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालीय प्रतियोगिता में हो गया है। यह प्रतियोगिता नोएडा में आयोजित होगी।