ललितपुर। बिजली विभाग द्वारा जनपद में 22 महीनों में किए गए नव विद्युतीकृत व संतृप्तिकरण गांवों और सौभाग्य योजना के तहत 60 हजार 720 घरों को रोशन किए जाने के उपलक्ष्य में सौभाग्य उत्सव मनाया गया। जिला में इन 22 महीनों में अब तक लगभग एक अरब 34 करोड़ 493 लाख रुपये की लागत से सौभाग्य योजना के अंतर्गत गरीबों को निशुल्क कनेक्शन के साथ ही मजरों में विद्युतीकरण, नए सब स्टेशनों का निर्माण, सब स्टेशनों की क्षमता वृद्धि, क्षेत्रों में नए परिवर्तकों की स्थापना आदि महत्वपूर्ण कार्य कराए गए हैं। इनमें 92 मजरों को पूर्ण विद्युतीककरण के साथ ही छह मजरों को सोलर से ग्रामीणों के घरों को विद्युतीकृत किया गया है।
बिजली विभाग द्वारा जिला में सौभाग्य योजना के अंतर्गत करीब एक अरब 34 करोड़ 493 लाख रुपये की लागत से किए गए कार्य पूर्ण होने पर जिला में 18 गांवों में शिविर लगाकर और करीब 313 गांवों में बैनर लगाकर व पंपलेट बांटने के बाद चौबीस घंटे बिजली आपूर्ति कर सौभाग्य उत्सव मनाया गया। इनमें मुख्य रुप से अधीक्षण अभियंता पीआर सिंह द्वारा जखौरा ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम निगांवखुर्द, सिरसी व विनैकामाफी के मजरों में शिविर लगाया गया। जबकि अधिशासी अभियंता शैलेंद्र कुमार कटियार द्वारा तालबेहट क्षेत्र के ग्राम खांदी अंतर्गत मजरा पीपलपुरा में और अधिशासी अभियंता द्वितीय आकाश सचान द्वारा महरौनी के ग्राम रुकवाहा में शिविर लगाया गया, जहां मुख्य अतिथि मंत्री प्रतिनिधि चंद्रशेखर पंथ रहे। विभागीय अधिकारियों ने लोगों को बिजली मुहैया कराकर सौभाग्य उत्सव मनाते हुए इस दिन विशेषतौर पर इन क्षेत्रों को कटौती से मुक्त रखा गया और चौबीस घंटे बिजली मुहैया कराई गई। इस दौरान अधिकारियों ने सौभाग्य योजना की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को कनेक्शन लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही बिजली की बचत के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।