जमीन पर सो रही महिला की सांप के डसने से मौत
ललितपुर। थाना जाखलौन के अंतर्गत ग्राम सगौरिया में शुक्रवार की रात को घर में जमीन पर सो रही महिला की सांप के डसने के बाद जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। कोतवाली पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना जाखलौन के ग्राम सगौरिया निवासी विमलेश (25) पत्नी संतराम सहरिया शुक्रवार की रात को खाना खाने के बाद बच्चों के साथ घर में जमीन पर बिस्तर बिछा कर सो रही थी। रात में करीब दो बजे अचानक एक सांप ने उसे डस लिया, जिससे वह चिल्लाने लगी और बताया कि उसे सांप ने डस लिया है। पास में सो रहा उसका पति संतराम जाग गया और सांप घर से बाहर जाते देखा। पत्नी की पीड़ा बढ़ने पर वह उसे रात में ही जिला अस्पताल उपचार के लिए ले गया जहां उपचार के दौरान विमलेश की शनिवार की सुबह करीब दस बजे मौत हो गई। मृृतका के चाचा ग्राम सेरवांस कलां निवासी रनधीरा ने बताया कि उसकी भतीजी के दो पुत्र हैं।