डेढ़ वर्ष से बंद पड़ी जांच, प्रसव की सुविधाएं ठप
ललितपुर। शहर के मोहल्ला नेहरू नगर में स्थित अरबन अस्पताल न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाएं चरमराई हुई हैं। यहां प्रसव की सुविधाएं ठप हैं। कोरोना काल लगभग डेढ़ वर्ष से पैथोलॉजी में जांच नहीं हो रहीं हैं। लैब टेक्नीशियन को कोविड जांच के लिए लगाया गया है। वहीं पानी की समस्या बनी हुई है। ऐसे में मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है।
नेहरू नगर स्थित न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती की सुविधा है, लेकिन कर्मचारियों की कमी से मरीज भर्ती नहीं हो पा रहे हैं। भर्ती के लिए तीन स्टाफ नर्स व तीन चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की आवश्यकता है जबकि एक स्टाफ नर्स तैनात हैं, जो कोविड में अटैच सेवा से ड्यूटी कर रहीं हैं। अस्पताल में पानी की समस्या है। पेयजल आपूर्ति टंकी भरने पर ठीक रहती है, लेकिन जब कम समय तक नल आए हों तो पानी की किल्लत हो जाती है। अस्पताल किराये के भवन में होने से व्यवस्थाएं भी ठीक से नहीं हो पा रहीं है। बेड व स्टाफ नर्स को एक ही कक्ष में स्थापित किया गया है। अस्पताल आने वाले मरीजों को जांच के अभाव में जिला अस्पताल की ओर रुख करना पड़ रहा है।
----
बिना जांच के ही सामान्य उपचार दिया जा रहा
न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (अरवन) नेहरू नगर में पैथोलॉजी की सुविधा दी गई है। आने वाले मरीजों के मर्ज की जांच के लिए पैथोलॉजिस्ट भी तैनात किया गया है। कोरोना काल से पहले जांच की सुविधा मिल रही थी, लेकिन कोरोना काल की शुरूआत होते ही तैनात लैब टैक्नीशियन को कोविड जांच के लिए तैनात कर दिया है। इससे अस्पताल में जांच की सुविधा बंद हो गई है। पैथोलॉजिस्ट कक्ष बंद पड़ा रहा है। अब इस कक्ष को स्टोर रूम बनाया गया है। इलाज को आने वाले मरीजों को बिना जांच के ही सामान्य उपचार दिया जा रहा है। कई मरीज जांच के अभाव में जिला अस्पताल व कई निजी अस्पतालों में इलाज कराने पहुंच रहे हैं।
---
प्रसव सुविधा नहीं हो सकी शुरू
नेहरू नगर में स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के लिए न्यू पीएचसी स्थापित किए गया, जिसमें तीन बेड की सुविधा दी गई। अब तक एक ही स्टाफ नर्स के तैनात होने से प्रसव की सुविधा नहीं हो सकी है। प्रसव के लिए तीन स्टाफ नर्स व तीन चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की आवश्यकता है। अस्पताल में टीकाकरण ही मात्र किया जा रहा है। ऐसे में प्रसव को आने वाली महिला मरीजों को जिला महिला अस्पताल में इलाज कराना पड़ रहा है।
----
चिकित्सक व स्टाफ की कमी है। कुछ कोविड ड्यूटी में कर्मचारी लगाए गए हैं। चिकित्सक व कर्मचारियों की मांग को लेकर पत्राचार किया गया है, मिलते ही नियुक्त किए जाएंगे और व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित किया जाएगा।
डॉ. डीके गर्ग, मुख्य चिकित्सा अधिकारी