सांप के डसने से दो महिलाओं और किशोर की मौत
ललितपुर। जिले व मध्य प्रदेश से सटे जनपदों में बारिश के दौरान सांप से डसने के मामले बढ़ गए हैं। अलग-अलग जगहों पर सांप के डसने से दो वृद्ध महिलाओं और एक किशोर की जिला अस्पताल में मौत हो गई। परिजन झाड़फूंक कराने के चक्कर में घंटों भटकते रहे।
मध्य प्रदेश के जिला सागर के थाना मालथौन अंतर्गत ग्राम कलेशनी निवासी मंझली दुलैया (65) पत्नी रघुवीर सिंह परमार शुक्रवार की देर रात को एक बजे अपने घर में चारपाई पर सो रही थी। इसी दौरान वहां निकले सांप ने उसे डस लिया, जिस पर वह चीखने चिल्लाने लगी, जिस पर परिजन जागे और सांप को भागते देखा। यह देख परिजन उसे झाड़फूंक के लिए उसे टीकमगढ़ के आगे बगाज माता ले गए, लेकिन वहां उसे कोई लाभ नहीं होने पर परिजन उसे ललितपुर के ग्राम पड़वा ले गए, हालत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। कोतवाली ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के देवर मोरपाल सिंह ने बताया कि उसकी भाभी के तीन बेटे हैं।
दूसरे हादसे में ग्राम सीरौनकलां निवासी सुमित रानी (64) पत्नी गिरधारी लोधी शुक्रवार की दोपहर करीब दो बजे वह अपने खेत पर चारा काट रही थीं। तभी उसे सांप ने हाथ में डस लिया। उसने चीखते चिल्लाते हुए घर पहुंचकर परिजनों को जानकारी दी। जिसके बाद परिजन उसे उपचार को जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के बेटा जयहरि ने बताया कि उसकी मां रोजाना की तरह चारा काटने के लिए गई थी।
तीसरे हादसे में मध्य प्रदेश के जिला सागर के थाना मालथौन के ग्राम मंगोश निवासी कपिल (14) पुत्र राजेश कुशवाहा बृहस्पतिवार की रात को अपने कमरे में जमीन पर सो रहा था, तभी तभी सांप ने उसे हाथ में डस लिया, उसने देखा तो सांप एक कोने में दीवार के किनारे बैठा था। उसके चीखने पर परिजन उसे मौके पर उपचार करने के पहले झाड़फूंक के लिए बाबाओं के पास ले गए, उसकी हालत बिगड़ने पर परिजन उसे शुक्रवार का दोपहर बाद जिला अस्पताल ले गए, जहां उसकी उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पिता राजेश ने बताया कि उसका बेटा कपिल इकलौता बेटा था। वहीं मृतक के पिता ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर लिया। जिस पर कोतवाली पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया।