ललितपुर। बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत आयोजित बैठक में विद्यालयों को धूम्रपान विहीन करने का निर्णय लिया गया।
बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डा. रुपेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कोटापा एक्ट- 2003 के बारे में जानकारी दी गई। नोडल अधिकारी डा. मुकेश चंद्र दुबे ने कार्यक्रम के बारे में बताया।
साथ ही तंबाकू उत्पादों से होने वाली हानियों, कानपुर जिले को स्मोक और टोबेको फ्री जिला घोषित करने संबंधी जानकारी पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के जरिये दी गई। बैठक में जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए गए कि सभी स्कूलों में धूम्रपान निषेध के बोर्ड लगाएं।
विद्यालय की 100 गज की सीमा में कोई तंबाकू उत्पाद बेचते हुए मिले, तो उसकी जानकारी सीएमओ कार्यालय में उपलब्ध कराएं। स्कूलों में धूम्रपान करते पाए जाने वाले पर दो सौ रुपये जुुर्माना लगाया जाए। नाबालिग बच्चों को तंबाकू उत्पाद बेचने वालों पर कार्रवाई की जाए।
इसके अलावा सरकारी विभागों के विभागाध्यक्षों से कहा गया कि अपने विभाग में एक नोडल अधिकारी तय करें, जो कार्यालय में धूम्रपान करने वाले लोगों पर कार्रवाई करे और जुर्माना वसूले।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. सतेंद्र कुमार, सीडीओ अरुण कुमार उपाध्याय, डीडीओ देवेंद्र प्रताप, एसडीएम सदर रमेश चंद्र, एसडीएम महरौनी यशु रस्तोगी आदि उपस्थित रहे।