डोंगरा खुर्द (ललितपुर)। बिरधा स्थित विद्युत सब स्टेशन के नाराहट फीडर से जुडे़ दर्जनों गांव के उपभोक्ता इन दिनों अघोषित विद्युत कटौती और लो वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे हैं। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता से समस्या के समाधान की मांग की है।
विद्युत सब स्टेशन बिरधा से निकले नाराहट फीडर से जुडे़ गांव, जिनमें डोंगराखुर्द, पटना, पारौल, बरौदिया, गुढ़ा, मडावरा, गुरयाना, बरेजा ,चांदौरा, अर्जुन खिरिया, सिंगरवारा, तरावली, खिरिया सहित दर्जनों गांव के ग्रामीण उपभोक्ता इन दिनों अघोषित विद्युत कटौती और लो वोल्टेज जैसी समस्या से जूझ रहे हैं। इससे लोगों की नींद हराम कर दी है। कूलर, पंखे, फ्रिज और टीवी शोपीस बनकर रह गए हैं। कूलर पंखे नहीं चल पाने से एक ओर गर्मी का सामना करना पड़ रहा है तो दूसरी तरफ मच्छरों का आतंक भी झेलना पड़ रहा है। लो वोल्टेज की वजह से आटा-चक्की भी नहीं चल पा रही हैं। बीते गुरुवार की शाम से क्षेत्र की बिजली गुल है, लगभग तीन दिनों में 13 घंटे से भी कम आपूर्ति मिल पा रही है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, उन्होंने समस्या के समाधान की मांग की है।
चेक कराएंगे लाइन
विद्युत सब स्टेशन विरधा से नाराहट फीडर को आपूर्ति बराबर की जा रही है। लाइनमैन को भेजकर लाइन चक करवा कर आपूर्ति अवरुद्ध होने और लो वोल्टेज की समस्या का शीघ्र समाधान किया जाएगा।
- रमेश कुशवाहा, जेई विद्युत सब स्टेशन, विरधा।