संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जनपद में प्रतिमाह किडनी के पांच से छह नए रोगी मिल रहे हैं। मेडिकल कॉलेज स्थित हीमोडायलिसिस यूनिट में प्रति माह 40 मरीज नियमित डायलिसिस के लिए पहुंच रहे हैं। वहीं नए मरीजों के भी पंजीयन किए जा रहे हैं। इन मरीजों के एक माह में लगभग 350 से 400 डायलिसिस किए जा रहे हैं। यूनिट में मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ व चंदेरी के मरीज भी पहुंच रहे हैं। निशुल्क सुविधा होने से मरीजों को लाभ मिल रहा है।
वर्तमान में बिगड़े खानपान व मानसिक तनाव के चलते लोगों में हाई ब्लड प्रेशर व डायबिटीज जैसी तमाम बीमारियां पनप रही हैं। समय पर चिकित्सक से उपचार व खान-पान में संयम न बरते से हाई ब्लड प्रेशर और अधिक डायबिटीज के मरीजों में किडनी की समस्या हो जाती है। ऐसे में जांच कर समय पर उपचार न लेकर लोग दर्द निवारक दवाओं का सेवन करते हैं। इससे किडनी खराब होने की संभावना अधिक हो जाती है।
मेडिकल काॅलेज के चिकित्सकों के अनुसार एक माह में लगभग 30-40 मरीज किडनी की समस्या के लिए पहुंच रहे हैं। विशेषज्ञों की कमी के चलते इन मरीजों को इलाज के लिए महानगरों में रुख करना पड़ रहा है। इनमें छह मरीज डायलिसिस को पहुंच रहे हैं। इन मरीजों को हीमोडायलिसिस यूनिट होने से डायलिसिस की निशुल्क सुविधा मिल रही है। यही कारण है कि जनपद के साथ ही मध्यप्रदेश के सीमा से सटे जनपद के मरीज भी डायलिसिस को पहुंच रहे हैं।