ललितपुर। मड़ावरा के व्यापारी व छत्तीसगढ़ के न्यायाधीश के घर से पौने चार महीने पूर्व हुई बड़ी चोरी का पुलिस व स्वॉट टीम ने मिलकर खुलासा कर दिया। पुलिस ने चार आरोपियों व चोरी का माल खरीदकर गलाने वाले दो सर्राफा व्यापारियों को पचास लाख रुपये के सोने व चांदी के जेवर समेत गिरफ्तार कर लिया है। इस तरह पचास लाख रुपये अधिक की कीमत का माल बरामद किया गया।
थाना मड़ावरा अंतर्गत एक/दो अगस्त की रात कस्बा निवासी डा.नीरज जैन व छत्तीसगढ़ में तैनात न्यायाधीश पंकज जैन के घर में जेवर व नकदी समेत करीब 64 लाख 96 हजार रुपये की चोरी को अज्ञात चोरों ने अंजाम दिया था। क्षेत्र में अब तक की सबसे बड़ी चोरी होने से हडंकंप मच गया था। चोरी का तीन माह से अधिक समय तक खुलासा नहीं होने से सोने- चांदी के व्यापारी खुद के घरों को असुरिक्षित महसूस करने लगे थे। पुलिस अधीक्षक कैप्टन एमएम बेग ने अपर पुलिस अधीक्षक अवधेश कुमार विजेता व सीओ सिटी राजा सिंह के नेतृत्व में स्वॉट व सर्विलांस टीम के साथ ही अन्य कई पुलिस टीमों का गठन किया था। लेकिन, सफलता नहीं मिलने पर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे थे। चोरी के खुलासे के लिए एसटीएफ का गठन किया गया था।
मामला मुुख्यमंत्री तक गया था।
स्वॉट टीम ने मड़ावरा की इस चोरी का बुधवार को अनावरण कर दिया है। बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधीक्षक कैप्टन एमएम बेग ने घटना का पटाक्षेप करते हुए बताया कि मुखबिर की सूचना पर कैलगुवां तिराहे पर घेराबंदी करके चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम मड़ावरा के ग्राम रनगांव निवासी रामदास उर्फ भज्जू कुशवाहा, नाराहट के ग्राम डोंगराकलां निवासी सोहन, ग्राम क्योलारी निवासी रामकिशन कुशवाहा एवं ग्राम बुढ़वार निवासी देवेंद्र कुशवाहा बताया। तलाशी में उनके पास से सोने व चांदी के जेवर सोने के बिस्कुट व एक आरोपी के पास से तमंचा बरामद हुआ।
पूछताछ करने पर आरोपी रामदास उर्फ भज्जू ने बताया कि एक/दो अगस्त की रात को उसने बस स्टैंड स्थित लोहे की दुकान के पीछे की ओर से घुसकर गुल्लक में रखे सिक्के चोरी किए और हार्डवेयर की दुकान से लोहे की रॉड उठायी। पास में स्थित घर की छत से घर में घुसा था। दरवाजा बंद होने पर रोशनदान से झांकर देखा तो अंदर कोई नहीं था। लोहे की रॉड से रोशनदान तोड़कर घर में घुस गया। घर के अंदर ही रखे जेवर चोरी कर लिए। बरामद माल के अलावा चोरी के शेष माल के बारे में पूछे जाने पर बताया कि देवेंद्र यश स्टोर सप्लायर्स के यहां काम करता है। देवेंद्र ने सेठ उत्तम चंद जैन को सोने की एक किलोग्राम की एक ईंट व सौ ग्राम सोने का बिस्कुट 18 लाख रुपये में बेचा था, जिसमें से चार सौ ग्राम सोना अनूप जैन नजा ज्वैलर्स के पास व यश स्टोर सप्लायर्स के मालिक उत्तम जैन से 200 ग्राम सोना, चार चूड़ी सोने की व दो अंगूठी सोने की बरामद की गईं। उत्तम जैन ने बताया कि शेष माल उसने अपने साढ़ू राजकुमार जैन और इंदौर का मनु जैन और आगरा का रामदास को दिया था। लेकिन, तीनों फरार हैं।
मड़ावरा चोरी के मामले में पकड़े गए आरोपी रामदास, रामकिशन, सोहन व देवेंद्र कुशवाहा के पास से सौ-सौ ग्राम के तीन सोने के बिस्कुट, पचास ग्राम वजन का एक सोने का हार, 18 ग्राम वजन के दो जोड़ी सोने के कान के टॉप्स, 25 ग्राम वजन की चार सोने की अंगूठी, आठ ग्राम वजन की एक सोने की अंगूठी, तीन ग्राम वजन की एक सोने की लड़ी व 1.25 किलोग्राम वजन के चांदी के जेवर बरामद किए गए। व्यापारी यश स्टोन सप्लायर्स स्वामी उत्तमचंद जैन व अनूप जैन नजा ज्वैलर्स के पास से 600 ग्राम वजन का सोना ठोस टुकड़ों के रुप में, 60 ग्राम वजन की चार सोने की चूड़ियां व सात ग्राम वजन की दो अंगूठी सोने की बरामद की गईं।
मड़ावरा चोरी कांड का अनावरण करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली संजय कुमार शुक्ला, प्रभारी स्वॉट टीम उपनिरीक्षक राजकुमार यादव, सर्विलांस टीम प्रभारी उपनिरीक्षक गुलाम हुसैन, नेहरुनगर चौकी इंचार्ज संदीप सेंगर, स्वॉट टीम से शत्रुजय, अरुण त्रिपाठी, देवेंद्र सिंह, जायद अली, अमित पाठक, मनमोहन, इमरान साबरी, रजनीश चौहान, रविंद्र प्रताप सिंह, भानुप्रताप सिंह शामिल रहे।
मड़ावरा में हुई इतनी बड़ी चोरी का पटाक्षेप नहीं होने पर यह मामला लेकर पीड़ित परिजन मुख्यमंत्री के दरबार में भी पहुंच गए थे। इस पर डीजीपी व डीआईजी ने खुद मड़ावरा पहुंचकर पीड़ित परिजनों से मिलकर जल्द चोरी के खुलासे का आश्वासन दिया था।