ललितपुर। जनपद में रक्षाबंधन पर ग्रामीण क्षेत्र में बसों का संचालन नहीं किया जा सका। महज झांसी-ललितपुर मार्ग तक ही रोडवेज बसों का संचालन सीमित रहा। इससे ग्रामीण क्षेत्र में बहनों को मुफ्त यात्रा की योजना का लाभ नहीं मिल सका। ऐसे में बहनें अपने गंतव्य तक जाने के लिए निजी बसों व डग्गामार वाहनों में किराया देकर सफर करने को मजबूर हो गईं। हद तो तब हो जब, उत्तर प्रदेश परिवहन निगम को बीते माह 16 मार्गाें पर परमिट भी मिल गए। इसके बाद भी बसें नहीं चलाई गईं।
जिले में झांसी से ललितपुर होकर ग्रामीण क्षेत्र के लिए शासन ने बीते माह परमिट जारी कर दिए थे। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम बसों के संचालन की तैयारियों में जुटा हुआ था। विभागीय अफसरों का दावा था कि रक्षाबंधन के पर्व पर सभी 16 रूटों पर रोडवेज बसों का संचालन किया जाएगा। इसको लेकर ग्रामीण क्षेत्र के लोगों में खुशी थी।
बीते दिन राज्य सरकार ने रोडवेज बसों में रक्षाबंधन पर बहनों को एक सहयोगी के साथ मुफ्त यात्रा करने की सौगात दी। इसमें 27 अगस्त को सुबह छह बजे से 29 अगस्त की रात 12 बजे तक निशुल्क यात्रा की सुविधा की गई थी। घोषणा होते ही बहनों में खुशी लहर दौड़ गई थी।
लेकिन, विभागीय अधिकारियों की उदासीनता के चलते शासन की मुफ्त यात्रा की सुविधा झांसी-ललितपुर मार्ग तक ही सीमित रह गई। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की लगभग एक दर्जन से अधिक बसें महज झांसी से ललितपुर तक ही चलाई गईं। एक बस महरौनी व एक सौजना के लिए चलाई गई। इसके अलावा अन्य क्षेत्रों में बहनें बसों का इंतजार ही करती रहीं। न आने पर अन्य वाहनों का सहारा लेकर भाइयों को राखी बांधने के लिए निकलीं। सीधे वाहन न मिलने से कई वाहनों का सहारा लेना पड़ा। इससे समय से नहीं पहुंच सकीं। हद तो तब हो गई, जब जनप्रतिनिधियों व अफसर बहनों को मुफ्त सफर की सुविधा का पिटारा तो पीटते रहे। लेकिन, धरातल पर स्थिति तक नहीं देखी। ऐसे में जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।
कैप्सन- रामादेवी, सौजना
सौजना से महरौनी होकर ललितपुर के लिए महज एक ही बस चली, जो सुबह ही निकल गई। दिन भर बस नहीं आई। - रामादेवी, सौजना
कैप्सन- रामदेवी, नाराहट
नाराहट से ललितपुर के लिए दिनभर कोई बस नहीं चलाई गई। इससे निशुल्क यात्रा का लाभ नहीं मिल सका। - रामदेवी, नाराहट
-
ललितपुर से बार व बार से झांसी के लिए एक भी बस नहीं चलाई गई। इससे बहनों को निशुल्क यात्रा की सुविधा नहीं मिली। - कलावती यादव, बार
इन मार्ग पर नहीं चलीं रोडवेज बस
- गिरार- झांसी वाया ललितपुर
- मड़ावरा-झांसी वाया ललितपुर
- जगारा-झांसी वाया ललितपुर
- बार-झांसी वाया ललितपुर
- कुम्हैड़ी-झांसी वाया ललितपुर
- सुकुवां ढुकुवां- झांसी वाया ललितपुर
- गाइयाघाट-झांसी वाया ललितपुर
- डोंगराकलां-झांसी वाया ललितपुर
- माताटीला-झांसी वाया ललितपुर
- बार-झांसी वाया ललितपुर
- जखौरा-झांसी वाया ललितपुर
- झांसी-कैलगुवां वाया ललितपुर
- बालाबेहट-झांसी वाया ललितपुर
- देवगढ़-झांसी वाया ललितपुर
- पाली से बरेली वाया ललितपुर