संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। बिजली विभाग प्रतिवर्ष मरम्मत के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च कर रहा है, लेकिन अब तक तारों के नीचे गार्डिंग नहीं हो सकी है। कई चौराहों पर सड़कों को क्रॉस कर रही एचटी लाइनों के नीचे तक गार्डिंग नहीं है। तेज हवा के दौरान तार आपस में टकराने पर टूटा तो सड़क पर गिरेगा, इससे कभी भी हादसा हो सकता है। जिन सड़कों पर लाइट टूटकर गिरती रहती है, विभाग ने वहां भी गार्डिंग अथवा सपोर्टिंग नहीं कराई है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि बजट आने पर लाइनों की गार्डिंग कराई जाएगी।
-
दृश्य- एक
स्थान- अभिलाषा पेट्रोल पंप चौराहा
अभिलाषा पेट्रोल पंप पर हाईटेंशन लाइन व एलटी लाइन के तार गुजर रहे हैं। इन दोनों लाइनों में किसी में भी गार्डिंग नहीं लगी है। एलटी लाइन के तार तो कई स्थानों पर नीचे आ गए हैं। बीते वर्ष तार टूटकर गिरने से यहां बड़ा हादसा होते-होते बचा था। मार्ग को दो घंटे तक बंद किया गया था। इसके बाद भी अब तक जर्जर तार बिना गार्डिंग के झूल रहे हैं।
-
दृश्य-दो
स्थान- डीआईओएस व बीएसए कार्यालय के सामने सड़क किनारे
कर्पूरी ठाकुर चौराहा से बड़ी पानी की टंकी तक प्रमुख मार्ग है। इस मार्ग से शहर के बच्चे विद्यालयों को जाते हैं। इसी मार्ग पर दोनों कार्यालय के कर्मचारियों व अधिकारियों के वाहन भी खड़े रहते हैं। यहां एक ओर से निकली हाईटेंशन व एलटी लाइन के नीचे गार्डिंग नहीं लगाई गई है। कई स्थानों पर तारों में जोड़ तक लगे हैं।
-
दृश्य- तीन
स्थान- इलाईट चौराहा
इलाईट चौराहा सबसे प्रमुख चौराहों में है। यहां बीच चौराहे से होकर हाईटेंशन लाइन गुजरी है, जिसमें सुरक्षा के लिए गार्डिंग नहीं लगी है। चौराहा होने से भारी वाहनों की आवाजाही अधिक होती है। ऐसे में इन तारों के गिरने से किसी भी दिन बड़ी घटना हो सकती है। इसके बाद भी विभागीय जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं। जब प्रमुख चौराहा का यह हाल तो है अन्य स्थानों का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।
-
दृश्य-चार
स्थान- सदर कांटा से स्टेशन रोड तिराहा
सदर कांटा व्यस्ततम मार्ग माना जाता है। यहां पैदल व वाहनों की कतार सुबह से शाम तक लगी रहती है। इस मार्ग पर एलटी व एचटी लाइन दानों क्रॉस हुई हैं। दोनों ही लाइनों में किसी में भी गार्डिंग नहीं लगाई गई है। एलटी लाइन के तार तो नीचे तक झूल रहे हैं। जबकि, इस मार्ग पर फुटपाथी दुकानदार दुकानें सजाए बैठे रहते हैं। अधिक संख्या में लोग भी रहते हैं।
-
बड़ी नहर में लटक रहा अर्थिंग का तार
पनारी-सिद्दन रोड स्थित बड़ी नहर को क्रॉस कर रही लाइन में लगा अर्थिंग का तार टूटकर नहर में गिर गया। आसपास के लोगों का कहना है कि यदि इस लाइन में सपोर्टिंग लगी होती तो तार उसी में फंस जाता। गनीमत रही कि अर्थिंग का तार था, यदि मेन लाइन का तार होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
नई लाइन डालते समय गार्डिंग लगाई जाती है। पुरानी लाइनों में जहां गार्डिंग की जरूरत है, वहां बजट की उपलब्धता होते ही लगाई जाएगी। तारों की मरम्मत रिवैंप योजना के तहत हो रही है।- संजय सिंह, अधीक्षण अभियंता, विद्युत विभाग