संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शनिवार को महाविद्यालय में एडमिट कार्ड लेने गए छात्र के पिता की हाईटेंशन लाइन से झुलस कर मौत हो गई थी। परिजनों ने विभाग पर पांच लाख रुपये का दावा किया है। विभागीय अधिकारियों ने दावे को विद्युत सुरक्षा निदेशालय भेज दिया है।
मोहल्ला रामनगर के रमेशचंद्र अपने पुत्र दिव्यांश के साथ रघुवीर सिंह राजकीय महाविद्यालय में एडमिट कार्ड व स्कॉलरशिप का फार्म जमा करने गए थे। महाविद्यालय में रमेशचंद्र अपनी गाड़ी पर बैठकर पुत्र के बाहर आने का इंतजार कर रहे थे, इसी दौरान हाईटेंशन तार टूटकर गिरने से करंट की चपेट में आकर झुलस गए। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था।
परिजनों ने विद्युत विभाग से दावे के लिए फार्म 44 को भरकर अधीक्षण अभियंता कार्यालय में दिया। अधिकारियों ने इसे विद्युत सुरक्षा निदेशालय झांसी भेज दिया है। निदेशालय से टीम आकर सर्वे करेगी। फिर रिपोर्ट के आधार पर क्लेम राशि दी जाएगी।
महाविद्यालय में करंट से मौत होने के मामले में परिजनों ने दावा किया था, जिसे विद्युत सुरक्षा निदेशालय भेज दिया गया है। - संजय सिंह, अधीक्षण अभियंता, विद्युत विभाग