जिले में 95,447 मतदाताओं के नाम कटे, अब कुल 8,63,348 मतदाता शेष
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर कराए जा रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) का अगला चरण पूरा कर लिया गया है। इसके तहत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशित कर दिया गया है। अब नए मतदाताओं को जोड़ने तथा दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
एसआईआर के दौरान जनपद में कुल 95,447 मतदाताओं के नाम विभिन्न कारणों से मतदाता सूची से हटाए गए हैं। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी सत्यप्रकाश ने विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ निर्वाचक नामावलियों के आलेख्य प्रकाशन और स्नातक निर्वाचन नामावलियों के अंतिम प्रकाशन की जानकारी साझा की।
जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने बीएलए एवं कार्यकर्ताओं के माध्यम से घर-घर जाकर नए एवं छूटे हुए मतदाताओं से फार्म-6 भरवाएं। इसके लिए सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी को निर्देश दिए गए कि सभी राजनीतिक दलों को निर्वाचन कार्यालय से एक-एक हजार फार्म-6 उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रकाशित सूचियों का गहन अवलोकन कर लें और यदि कोई दावा या आपत्ति हो तो उसे अनिवार्य रूप से 6 फरवरी 2026 तक प्रस्तुत करें।
जिलाधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची का निरीक्षण संबंधित निर्वचक अथवा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय या संबंधित बीएलओ के पास किसी भी कार्यदिवस में किया जा सकता है। 6 जनवरी से 6 फरवरी तक ऐसे मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े जाएंगे, जिन्होंने 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है।
बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी समर सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका दिनेश कुमार विश्वकर्मा सहित आम आदमी पार्टी जिलाध्यक्ष हरदयाल सिंह लोधी, बहुजन समाज पार्टी जिलाध्यक्ष अमन संतोष व भूपेंद्र सिरवैया, भाजपा महामंत्री महेश कुमार, कांग्रेस से जसपाल सिंह, समाजवादी पार्टी जिलाध्यक्ष नेपाल सिंह, अपना दल (सोनेलाल) के जिलाध्यक्ष व एससी/एसटी मंच के विक्रम अहिरवार तथा सूचना विभाग के सुमित कुमार उपस्थित रहे।
-
एसआईआर के बाद जिले में बचे 8,63,348 मतदाता
उप जिला निर्वाचन अधिकारी अंकुर श्रीवास्तव ने बताया कि विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण पूर्ण होने के बाद आलेख्य प्रकाशन किया गया है। इसके अनुसार जनपद में कुल 8,63,348 मतदाता हैं। इनमें विधानसभा क्षेत्र ललितपुर में 4,35,003 तथा महरौनी में 4,28,345 मतदाता शामिल हैं। उन्होंने बताया कि दावे एवं आपत्तियों की अंतिम तिथि 6 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद 27 फरवरी 2026 तक नोटिस चरण में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा दावों व आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। 3 मार्च तक मतदाता सूची के स्वास्थ्य मापदंडों की जांच कर आयोग से अंतिम प्रकाशन की अनुमति प्राप्त की जाएगी, जबकि 6 मार्च को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि जिन मतदाताओं का नाम वर्ष 2003 की सूची में या उनके परिजनों के नाम के साथ दर्ज नहीं है, वे आयोग द्वारा निर्धारित प्रपत्र जमा कर अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। एसआईआर के अंतर्गत सर्विस निर्वाचक नामावली का भी आलेख्य प्रकाशन किया गया है, जिसमें जनपद से बाहर सेवाओं में कार्यरत कुल 233 मतदाता शामिल हैं। इनमें ललितपुर विधानसभा के 142 और महरौनी के 91 मतदाता हैं।
स्नातक विधान परिषद की 11,311 मतदाताओं की सूची का अंतिम प्रकाशन
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधान परिषद के इलाहाबाद–झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन भी किया गया है। इसमें कुल 11,311 स्नातक मतदाता शामिल हैं। इस निर्वाचन के लिए कुल 11 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
इनमें तहसील भवन तालबेहट, क्षेत्र पंचायत भवन जखौरा, बार, नवीन तहसील भवन ललितपुर (उत्तरी व दक्षिणी भाग), कमरा नंबर-7 व 8, क्षेत्र पंचायत भवन बिरधा, नगर पंचायत भवन पाली, तहसील भवन महरौनी एवं क्षेत्र पंचायत भवन मड़ावरा शामिल हैं।
-
वेबसाइट पर अपलोड हुई मतदाता सूची, दावे-आपत्तियों का दौर शुरु
एसआईआर के बाद प्रकाशित अंतरिम मतदाता सूची को निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। जिन मतदाताओं का नाम सूची में शामिल नहीं है, वे फार्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं। वहीं नाम में त्रुटि अथवा किसी अन्य मतदाता के नाम को लेकर आपत्ति होने की स्थिति में संबंधित व्यक्ति निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी आपत्ति दर्ज करा सकता है।